एसडीओ के निर्देश पर बंदोबस्त जमीन से अवैध कब्जा हटाकर दिलाया गया दखल

Lok Bimb
2 Min Read

 पुलिस की मौजूदगी में मुक्त करायी गयी 2.81 एकड़  जमीन

अनिल कुमार

मोहनपुर : बुधवार को मोहनपुर अंचल के रिखिया थाना क्षेत्र अंतर्गत हेठअंबाकुरा मौजा में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 2.81 एकड़ परती कदीम जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त कराया। एसडीओ रवि कुमार के निर्देश पर पुलिस बल की मौजूदगी में जेसीबी मशीन लगाकर जमीन पर किये गये अवैध कब्जे को हटाया गया।करीब पांच घंटे तक चली इस कार्रवाई के दौरान एक दर्जन महिला व पुरुष पुलिस जवानों की तैनाती रही। मजिस्ट्रेट की निगरानी में प्रशासनिक पदाधिकारियों ने पूरी कार्रवाई की। प्रशासनिक आदेश के अनुसार मौजा हेठअंबाकुरा के
गैरमजरुआ खाता संख्या 16 और दाग संख्या 50 में कुल 2.81 एकड़ किस्म परती कदीम जमीन है। उक्त जमीन पर अवैध कब्जा किये जाने की शिकायत बंदोबस्तधारी मनोज यादव ने की थी, जिसके बाद मोहनपुर अंचल कार्यालय की ओर से जांच करायी गयी थी। जांच प्रतिवेदन में जमीन पर अवैध कब्जे की पुष्टि हुई थी।  बंदोबस्तधारी मनोज यादव के आवेदन पर एसडीओ रवि कुमार ने यह कार्रवाई की। अंचल अधिकारी अमृता कुमारी की अनुशंसा पर एसडीओ ने मजिस्ट्रेट एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की थी। इसके तहत अंचल निरीक्षक दीपक कुमार तांती को दंडाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया। वहीं, जिला मुख्यालय के कंट्रोल रूम से महिला एवं पुरुष सशस्त्र पुलिस जवानों को भेजा गया।
बुधवार को निर्धारित कार्यक्रम के तहत पुलिस बल की मौजूदगी में जेसीबी मशीन से जमीन पर किये गये अवैध कब्जे को हटाया गया।पांच घंटे तक चली कार्रवाई के बाद पूरी जमीन को कब्जामुक्त कराते हुए मनोज यादव को दखल दिलाया गया ।

Share This Article
Leave a Comment