सोमरा मुंडा
बुंडू (रांची) : 26 नवंबर को हम भारतीय संविधान दिवस की 77वीं वर्ष गाँठ मना रहे हैं। 15 अगस्त 1947 को हमारा देश अंग्रेजी हुकूमत से आजाद हुआ। इसके बाद संविधान सभा ने 26 नवंबर 1949 को भारतीय संविधान को अंगीकृत किया और 26 जनवरी 1950 को इसे पूरे देश में लागू किया गया। यह दिन केवल एक ऐतिहासिक तारीख नहीं, बल्कि भारत के लोकतांत्रिक, सामाजिक और संवैधानिक जीवन की आधारशिला है। लेकिन आज संविधान के 77 वर्ष पूरे होने के अवसर पर हमें अपने आप से एक सवाल जरूर पूछना चाहिए—क्या आजादी केवल सत्ता बदलने का नाम है? या आजादी का वास्तविक अर्थ यह भी है कि इस देश का हर इंसान सम्मान, समानता, न्याय, स्वतंत्रता, बंधुता और अपने अधिकारों के साथ जीवन जी सके? हमारा संविधान इसी सपने को साकार करने का रास्ता दिखाता है। संविधान की प्रस्तावना में न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता का जो संकल्प लिया गया है, वह केवल संसद, न्यायालय और सरकारी कार्यालयों तक सीमित नहीं है। उसका वास्तविक अर्थ तब पूरा होगा, जब इन मूल्यों का प्रभाव हमारे गाँवों, पंचायतों, खेतों, जंगलों और समाज के अंतिम व्यक्ति के जीवन में दिखाई देगा।
आदिवासी समाज के लिए संविधान का अर्थ और भी व्यापक है। हमारे लिए जल, जंगल और जमीन केवल प्राकृतिक संसाधन नहीं हैं। यही हमारी पहचान है, यही हमारी संस्कृति है, यही हमारी आजीविका है और यही हमारी आदिवासियत की जड़ है।
हमारे पुरखों ने जंगल को केवल लकड़ी का भंडार नहीं माना। उन्होंने जंगल को अपना साथी माना, पहाड़ को देवता माना, नदियों को जीवन माना और जमीन को माँ का दर्जा दिया। प्रकृति के साथ सामंजस्य बनाकर जीना हमारी परंपरा और जीवन पद्धति का हिस्सा रहा है।
इसलिए जब कोई आदिवासी परिवार अपनी जमीन से बेदखल होता है, जब जंगल तक उसकी पारंपरिक पहुँच समाप्त होती है या जब विकास के नाम पर उसे विस्थापन का सामना करना पड़ता है, तो केवल उसकी जमीन नहीं जाती, बल्कि उसकी आजीविका, संस्कृति, पहचान और आने वाली पीढ़ियों का भविष्य भी प्रभावित होता है।
हम यह नहीं कहते कि विकास नहीं होना चाहिए। सड़कें बनें, शिक्षा और स्वास्थ्य की सुविधाएँ बढ़ें, उद्योग स्थापित हों और रोजगार के अवसर पैदा हों। लेकिन विकास ऐसा होना चाहिए जिसमें स्थानीय समुदायों की भागीदारी हो, उनके अधिकारों का सम्मान हो तथा प्रकृति और पर्यावरण का संतुलन बना रहे।
संविधान की सफलता का असली पैमाना गाँवों की जिंदगी में दिखाई देना चाहिए। आज भी हमारे देश के अनेक ग्रामीण और आदिवासी इलाकों में बुनियादी सुविधाओं की स्थिति चिंताजनक है। कहीं सरकारी विद्यालयों में भवन और शिक्षकों की कमी है, कहीं बच्चों को पीने का साफ पानी नहीं मिलता, कहीं स्वास्थ्य केंद्र दूर हैं तो कहीं ग्रामीणों को छोटी-छोटी बीमारियों के इलाज के लिए भी लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। कई परिवार आज भी रोजगार के अभाव में दूसरे राज्यों में पलायन करने को मजबूर हैं। मजदूर अपनी मेहनत का उचित मूल्य पाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। मनरेगा में काम करने के बाद मजदूरी भुगतान में देरी जैसी समस्याएँ सामने आती हैं। कई जरूरतमंद परिवारों तक सरकारी योजनाओं की जानकारी और उनका लाभ समय पर नहीं पहुँच पाता। कई जगह राशन, पेंशन, आवास और अन्य बुनियादी सुविधाओं के लिए ग्रामीणों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि जब संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता और सम्मान के साथ जीने का अधिकार देता है, तो फिर समाज का सबसे कमजोर व्यक्ति आज भी बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष क्यों कर रहा है?
संविधान केवल अधिकारों की घोषणा नहीं करता, बल्कि राज्य को सामाजिक और आर्थिक न्याय की दिशा में काम करने का मार्ग भी दिखाता है। नीति निर्देशक तत्वों में राज्य से अपेक्षा की गई है कि वह लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाए, आर्थिक असमानता कम करे और कमजोर वर्गों के हितों की रक्षा करे।
इसलिए संविधान की सफलता का मूल्यांकन केवल देश की आर्थिक प्रगति, बड़ी-बड़ी परियोजनाओं या औद्योगिक विकास से नहीं होना चाहिए, बल्कि इस बात से भी होना चाहिए कि गाँव के गरीब, मजदूर, किसान, आदिवासी, महिला और वंचित परिवारों के जीवन में कितना बदलाव आया है।
ग्रामसभा और स्थानीय स्वशासन लोकतंत्र की असली ताकत हैं।
विशेषकर आदिवासी समाज में ग्रामसभा की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। हमारी पारंपरिक सामाजिक व्यवस्था में सामूहिक निर्णय, आपसी सहमति और समुदाय की भागीदारी की एक मजबूत परंपरा रही है।
संविधान की पाँचवीं अनुसूची, अनुच्छेद 244(1) और अनुसूचित क्षेत्रों में लागू पंचायत (अनुसूचित क्षेत्रों तक विस्तार) अधिनियम यानी पेसा कानून, 1996 आदिवासी समुदायों के स्वशासन और परंपराओं की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण संवैधानिक एवं कानूनी आधार प्रदान करते हैं। इसी तरह वनाधिकार अधिनियम, 2006 वन पर निर्भर समुदायों के व्यक्तिगत और सामुदायिक वन अधिकारों को मान्यता देने की व्यवस्था करता है। लेकिन इन कानूनों का वास्तविक लाभ तभी मिलेगा, जब ग्रामीणों को अपने अधिकारों की जानकारी होगी और ग्रामसभाएँ सक्रिय होंगी।
ग्रामसभा केवल बैठक करने या सरकारी योजनाओं की सूची तैयार करने की संस्था नहीं है। यह गाँव की जरूरतों को पहचानने, विकास की प्राथमिकताएँ तय करने, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और स्थानीय समस्याओं के समाधान की एक महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक व्यवस्था है। हमारे गाँव में किसे आवास की जरूरत है? किस टोले में सड़क नहीं है? विद्यालय की स्थिति कैसी है? आंगनबाड़ी में बच्चों को पोषण मिल रहा है या नहीं? पेयजल की समस्या कहाँ है? गाँव के कितने परिवारों को रोजगार की जरूरत है? जंगल और जमीन से जुड़े कौन-से अधिकार प्रभावित हो रहे हैं? इन सवालों पर ग्रामसभा में खुलकर चर्चा होनी चाहिए। ग्रामीणों को केवल सरकारी योजनाओं का लाभार्थी नहीं, बल्कि गाँव के विकास का निर्णय लेने वाला सक्रिय नागरिक बनना होगा। समानता की बात महिलाओं की भागीदारी के बिना अधूरी है। जब हम जल, जंगल और जमीन की बात करते हैं, तो ग्रामीण और आदिवासी महिलाओं की भूमिका को नजरअंदाज नहीं कर सकते। जंगल से लकड़ी लाने से लेकर महुआ,लकड़ी,तेंदूपत्ता, साल बीज संग्रह, खेती, पशुपालन और परिवार की जिम्मेदारियाँ निभाने तक महिलाओं का प्रकृति और ग्रामीण अर्थव्यवस्था से गहरा संबंध है। लेकिन विडंबना यह है कि समाज और परिवार की इतनी बड़ी जिम्मेदारी उठाने के बावजूद कई महिलाओं को अपने ही जीवन से जुड़े फैसलों में पर्याप्त भागीदारी नहीं मिलती।
महिलाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, समान मजदूरी और हिंसा तथा भेदभाव से सुरक्षा मिलनी चाहिए। पंचायत, ग्रामसभा और सामुदायिक संस्थाओं में उनकी आवाज सुनी जानी चाहिए। केवल महिलाओं को बैठक में बुलाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि निर्णय लेने की प्रक्रिया में उनकी बराबर की भागीदारी सुनिश्चित करना भी जरूरी है।
जब गाँव की महिलाएँ अपने अधिकारों को समझेंगी और निर्णय प्रक्रिया में सक्रिय होंगी, तभी लोकतंत्र जमीनी स्तर पर मजबूत होगा। अधिकारों के साथ हमारे कर्तव्य भी महत्वपूर्ण हैं।
भारतीय संविधान हमें मौलिक अधिकार प्रदान करता है। समानता का अधिकार, स्वतंत्रता का अधिकार, शोषण के विरुद्ध अधिकार, धार्मिक स्वतंत्रता, सांस्कृतिक एवं शैक्षिक अधिकार और संवैधानिक उपचारों का अधिकार प्रत्येक नागरिक के सम्मानजनक जीवन की नींव हैं।
लेकिन संविधान केवल अधिकारों की बात नहीं करता, बल्कि नागरिकों के मौलिक कर्तव्यों की भी याद दिलाता है। हमें संविधान का सम्मान करना है, देश की एकता और अखंडता बनाए रखनी है, वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना है, सार्वजनिक संपत्ति की रक्षा करनी है और प्राकृतिक पर्यावरण, जंगलों, नदियों तथा जीव-जंतुओं के संरक्षण की जिम्मेदारी निभानी है। हमें यह भी समझना होगा कि किसी दूसरे व्यक्ति के अधिकारों का सम्मान करना भी एक जिम्मेदार नागरिक होने की पहचान है। आजादी का सपना तभी पूरा होगा, जब अंतिम व्यक्ति तक न्याय पहुँचेगा। आजादी केवल बाहरी शासन से मुक्ति नहीं है। भूख से आजादी, भय से आजादी, भेदभाव से आजादी, शोषण से आजादी और अपमान से आजादी भी उतनी ही जरूरी है। जब तक हमारे गाँव में कोई भूखा है, कोई परिवार बेघर है, कोई महिला हिंसा सहने को मजबूर है, कोई मजदूर अपनी मेहनत का उचित मूल्य नहीं पा रहा है और कोई बच्चा शिक्षा, स्वास्थ्य से वंचित है, तब तक सामाजिक और आर्थिक न्याय का हमारा सपना अधूरा है।
इसलिए संविधान दिवस पर हमें केवल संविधान की प्रस्तावना पढ़ने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उसके मूल्यों को अपने व्यवहार और सामाजिक जीवन में उतारने का संकल्प लेना चाहिए। जहाँ भेदभाव होगा, वहाँ आवाज उठाएँगे। जहाँ शोषण होगा, वहाँ पीड़ित के साथ खड़े होंगे। जहाँ महिलाओं के अधिकार दबाए जाएँगे, वहाँ उनका साथ देंगे। जहाँ जल, जंगल और जमीन से जुड़े अधिकारों का हनन होगा, वहाँ लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करेंगे। हमारा संघर्ष किसी व्यक्ति, जाति, धर्म या समुदाय के खिलाफ नहीं है। हमारा संकल्प अन्याय, भेदभाव, शोषण और असमानता के खिलाफ तथा न्याय, सम्मान और संवैधानिक मूल्यों के पक्ष में है। हम ऐसा भारत बनाना चाहते हैं जहाँ विकास भी हो और प्रकृति भी बचे, जहाँ उद्योग भी हों और स्थानीय लोगों को रोजगार भी मिले, जहाँ आदिवासी समाज अपनी भाषा, संस्कृति, परंपरा और पहचान के साथ गर्व से जी सके, जहाँ महिलाएँ सुरक्षित और सम्मानित हों तथा जहाँ समाज के अंतिम व्यक्ति को भी न्याय और समान अवसर प्राप्त हो।
क्योंकि जल, जंगल और जमीन केवल आज की संपत्ति नहीं, बल्कि हमारी आने वाली पीढ़ियों की अमानत हैं। आइए, इस संविधान दिवस पर हम संकल्प लें कि संविधान को केवल पढ़ेंगे नहीं, बल्कि उसे अपने जीवन में जिएँगे। अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होंगे और दूसरों के अधिकारों की भी रक्षा करेंगे। प्रकृति से केवल लेंगे नहीं, बल्कि उसके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभाएँगे। महिलाओं को केवल सम्मान नहीं देंगे, बल्कि निर्णय लेने में बराबर की भागीदारी भी सुनिश्चित करेंगे। तभी संविधान का वास्तविक अर्थ पूरा होगा। तभी लोकतंत्र गाँवों तक मजबूत होगा। तभी आदिवासियत की मूल भावना सुरक्षित रहेगी और तभी हमारा भारत वास्तव में न्यायपूर्ण, समानतापूर्ण और स्वतंत्र भारत बन सकेगा।


