12-13 जनवरी को पटना में होगा अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन, औद्योगिकीकरण, शिक्षा, कौशल विकास और शहरीकरण पर होगा मंथन
गोपाल विद्यार्थी
पटना :- बिहार के औद्योगिक विकास, निवेश को बढ़ावा देने और वर्ष 2047 तक राज्य को समृद्ध एवं आत्मनिर्भर अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में ‘ग्लोबल कन्वेंशन ऑन ट्रांसफॉर्मिंग बिहार-2027’ का आयोजन किया जाएगा। सोमवार को उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के आधिकारिक पोर्टल का शुभारंभ किया। सम्मेलन 12 एवं 13 जनवरी 2027 को पटना के सम्राट अशोक कन्वेंशन सेंटर में आयोजित होगा, जिसमें देश-विदेश के करीब 1500 प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है।उद्योग विभाग, बिहार सरकार के अंतर्गत बिहार फाउंडेशन एवं इंस्टीट्यूट फॉर ह्यूमन डेवलपमेंट द्वारा नालंदा विश्वविद्यालय के सहयोग से आयोजित इस सम्मेलन का उद्देश्य बिहार की विकास संभावनाओं, औद्योगिक विस्तार और भविष्य की नीतिगत रणनीतियों पर व्यापक विमर्श करना है। उद्योग विभाग के सचिव एवं बिहार फाउंडेशन के सीईओ कुंदन कुमार ने कहा कि सम्मेलन उद्योग जगत, शिक्षाविदों, उद्यमियों और नीति-निर्माताओं को एक मंच पर लाएगा। इससे बिहार को एक सशक्त ब्रांड के रूप में स्थापित करने और निवेश एवं समावेशी विकास के नए अवसर तलाशने में मदद मिलेगी। आईएचडी के निदेशक एवं सम्मेलन के निदेशक प्रो. अलख एन. शर्मा ने बताया कि सम्मेलन में औद्योगिकीकरण, सतत शहरीकरण तथा शिक्षा एवं कौशल विकास तीन प्रमुख विषयों पर विशेष चर्चा होगी। इसके तहत सात पूर्ण सत्र और दस विषयगत सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें ग्रामीण अर्थव्यवस्था, कृषि विविधीकरण, युवाओं के रोजगार, महिला सशक्तीकरण, पर्यटन, स्टार्टअप, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, निवेश और सुशासन जैसे मुद्दों पर विचार-विमर्श होगा।सम्मेलन से पहले 10 एवं 11 जनवरी को अंतरराष्ट्रीय प्री-कन्वेंशन कॉन्फ्रेंस और रिसर्च फोरम का आयोजन होगा। मुख्य सम्मेलन में निवेश एवं अवसर डेस्क, स्टार्टअप पिच, युवा संवाद, महिला उद्यमिता पवेलियन, प्रवासी बिहारी संवाद मंच, हस्तशिल्प बाजार और बिहारी व्यंजन स्ट्रीट जैसे विशेष आयोजन भी होंगे। सम्मेलन के निष्कर्ष के रूप में ‘बिहार घोषणा-पत्र 2027’ और ‘बिहार विजन 2047 : नीतिगत मार्ग’ रिपोर्ट तैयार की जाएगी। इसके माध्यम से राज्य के दीर्घकालिक विकास के लिए ठोस नीतिगत सुझाव और साझा कार्ययोजना प्रस्तुत की जाएगी। सम्मेलन के मुख्य संरक्षक मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी तथा संरक्षक उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी हैं। सम्मेलन से संबंधित विस्तृत जानकारी एवं पंजीकरण के लिए आधिकारिक वेबसाइट www.biharconvention27.com उपलब्ध है।


