पुलिस की कार्रवाई पर जातीय चश्मा उतारे राजद, अपराधियों का बचाव कर गिरा रहा पुलिस का मनोबल : मंत्री
गोपाल विद्यार्थी
पटना : हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (से.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार सरकार के मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने मनेर में पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ को लेकर राजद पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई में भी राजद जाति खोजने लगता है। अपराधी की कोई जाति नहीं होती, उसकी पहचान उसके अपराध से होती है। राजद की अपराध और अपराधियों के प्रति पुरानी हमदर्दी आज भी बरकरार है। डॉ. सुमन ने कहा कि पुलिस पर गोली चलाने और कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले अपराधियों के खिलाफ आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करना पुलिस का अधिकार है। यदि अपराधियों ने पुलिस पर हमला किया है तो पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाना उनके मनोबल को बढ़ाने जैसा है। अपराधी चाहे किसी भी जाति, धर्म या वर्ग का हो, उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। पुलिस का मनोबल गिराने वाली राजनीति से राजद को बाज आना चाहिए। मंत्री ने राजद के शासनकाल पर निशाना साधते हुए कहा कि लालू प्रसाद यादव के कार्यकाल में बिहार ने सत्ता और अपराध के गठजोड़ का दौर देखा है। उस समय मुख्यमंत्री आवास तक अपराधियों की पहुंच और वहां की कथित रंगीन महफिलों की चर्चाएं होती थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि राजद के कुछ नेता आज भी उसी दौर की वापसी चाहते हैं।डॉ. सुमन ने राहुल गांधी और लालू परिवार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि एक तरफ राहुल गांधी अलगाववादियों के समर्थन में खड़े नजर आते हैं, तो दूसरी तरफ लालू परिवार के लोग अपराधियों के पक्ष में हमदर्दी जताते हैं। उन्होंने सवाल किया कि आखिर अपराध और अपराधियों के प्रति इतनी हमदर्दी क्यों है? उन्होंने कहा कि बिहार की जनता अब अपराधियों को संरक्षण देने वाली राजनीति स्वीकार नहीं करेगी। राज्य में कानून का राज सर्वोपरि है। अपराधियों के खिलाफ निष्पक्ष और सख्त कार्रवाई होनी चाहिए तथा इसमें किसी तरह का जातीय या राजनीतिक भेदभाव नहीं होना चाहिए।


