कृषि उत्पादों की जांच अब होगी आसान, डाक विभाग के 9,673 केंद्रों का मिलेगा सहयोग

Lok Bimb
2 Min Read

किसानों को बीज, उर्वरक व कीटनाशकों की होम डिलीवरी और कृषि उत्पादों के बाजार विस्तार की भी होगी पहल : विजय सिन्हा

गोपाल विद्यार्थी 

पटना : बिहार में कृषि उपादानों की गुणवत्ता जांच व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कृषि विभाग और डाक विभाग के बीच सोमवार को महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा की उपस्थिति में डाक सेवाएं निदेशक प्रियंका जैन और कृषि निदेशक मुकेश कुमार लाल ने समझौते पर हस्ताक्षर किए। समझौते के तहत अब बीज, उर्वरक और कीटनाशकों के नमूने डाक विभाग के माध्यम से सुरक्षित एवं समयबद्ध तरीके से जांच प्रयोगशालाओं तक भेजे जाएंगे। इससे निजी कूरियर पर निर्भरता कम होगी और जांच प्रक्रिया में तेजी आएगी। इस व्यवस्था में बिहार के 9,673 डाकघरों के नेटवर्क का उपयोग किया जाएगा। मौके पर कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि डाक विभाग की भागीदारी केवल नमूनों के प्रेषण तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। किसानों को बीज, कीटनाशक और जैविक उर्वरकों की होम डिलीवरी के साथ उनके जैविक एवं प्राकृतिक कृषि उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने में भी डाक विभाग सहयोग करे। उन्होंने कृषि उत्पादों के विपणन और निर्यात को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया। मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य किसानों को उत्पादन के साथ बाजार से जोड़कर उनकी आय और आर्थिक समृद्धि बढ़ाना है। यह समझौता नकली एवं घटिया कृषि उत्पादों पर अंकुश लगाने तथा किसानों को गुणवत्तापूर्ण कृषि उपादान उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। वहीं, डाक सेवाएं निदेशक प्रियंका जैन ने किसानों के हित में डाक विभाग की ओर से हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।

Share This Article
Leave a Comment