एनएच-20 पर अवैध पार्किंग एवं अनियमित वाहन परिचालन के विरुद्ध विशेष जांच अभियान

Lok Bimb
3 Min Read

सनोज कुमार संगम

नवादा : जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश के निर्देशानुसार शहरी क्षेत्र में सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला परिवहन पदाधिकारी श्री रंजीत कुमार के नेतृत्व में अवैध वाहन पार्किंग एवं अनियमित वाहन परिचालन के विरुद्ध विशेष जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सद्भावना चौक सहित विभिन्न चौक-चौराहों पर बड़ी बसों एवं ट्रकों की पार्किंग की सघन जांच की गई। इस अवसर पर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अभियंता भी उपस्थित रहे।

जांच के क्रम में एनएच-20, सर्विस रोड एवं राष्ट्रीय राजमार्ग पर किए गए अतिक्रमण तथा अवैध वाहन पार्किंग का निरीक्षण किया गया। बस, टेम्पो एवं टोटो चालकों को सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से यातायात नियमों का पालन करने तथा निर्धारित स्थलों पर ही वाहन पार्किंग एवं परिचालन करने के संबंध में जागरूक किया गया।

अभियान के दौरान जिला परिवहन पदाधिकारी द्वारा 8 वाहनों के विरुद्ध शमन की कार्रवाई करते हुए ₹19,000 का चालान किया गया, जबकि पूरी जांच टीम द्वारा कुल 13 वाहनों से ₹27,500 की शमन राशि वसूल की गई।

उल्लेखनीय है कि शहीद भगत सिंह चौक के समीप जिला परिषद की खाली पड़ी भूमि पर संचालित अवैध बस पार्किंग एवं बस परिचालन के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए दो वाहनों से शमन राशि वसूल की गई। साथ ही संबंधित वाहन संचालकों को सख्त निर्देश दिया गया कि सभी बसों का परिचालन एवं पार्किंग केवल निर्धारित बस पड़ाव से ही किया जाए।

जिला पदाधिकारी के निर्देशानुसार एनएच-20 एवं सर्विस रोड पर अवैध वाहन पार्किंग, अतिक्रमण एवं अनियमित वाहन परिचालन के विरुद्ध विशेष अभियान भी संचालित किया जाएगा। अभियान के तहत 05 अगस्त से 11 अगस्त 2026 तक मस्तानगंज से खरांट मोड़, 17 अगस्त से 20 अगस्त 2026 तक रामदेव मोड़ से मस्तानगंज तथा 22 अगस्त से 25 अगस्त 2026 तक हरदिया से रामदेव मोड़ के बीच सघन जांच अभियान चलाया जाएगा। अभियान के सफल संचालन एवं विधि-व्यवस्था संधारण के लिए संबंधित क्षेत्रों में दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।

Share This Article
Leave a Comment