खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर ओम विहार रेस्टोरेंट तीन दिनों के लिए बंद

Lok Bimb
2 Min Read

छापेमारी में 30 किलो चना दाल जब्त, एफएसएसएआई लाइसेंस निलंबित; कई खाद्य पदार्थ किए गए नष्ट

गोपाल विद्यार्थी 

पटना : राजधानी में खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों की अनदेखी करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग की खाद्य संरक्षा इकाई ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में बुधवार को कदमकुआं स्थित ओम विहार रेस्टोरेंट में छापेमारी कर कई अनियमितताएं पकड़ी गईं। आवश्यक दस्तावेजों की कमी और साफ-सफाई के मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर रेस्टोरेंट को तीन दिनों के लिए बंद कर दिया गया। साथ ही प्रतिष्ठान का एफएसएसएआई लाइसेंस निलंबित करते हुए सुधार नोटिस जारी किया गया है।निरीक्षण के दौरान रेस्टोरेंट में स्वास्थ्य प्रमाणपत्र और पानी की जांच रिपोर्ट उपलब्ध नहीं मिली। इसके अलावा साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं थी और कीट नियंत्रण के लिए भी आवश्यक इंतजाम नहीं पाए गए। खाद्य सुरक्षा टीम ने कार्रवाई करते हुए 2,850 रुपये मूल्य की 30 किलोग्राम चना दाल जब्त की। दाल के पैकेट पर बैच नंबर, निर्माण तिथि और उपयोग की अंतिम तिथि का विवरण अंकित नहीं था। वहीं, जांच के लिए हल्दी पाउडर, पनीर और चना दाल के नमूने भी लिए गए छापेमारी के दौरान उपभोग के लिए अनुपयुक्त पाए गए कई खाद्य पदार्थों को नष्ट कराया गया। इनमें गुड़ वाली चाय के सात पैकेट (3.5 किलोग्राम), एक किलोग्राम मटन की कलेजी, स्लाइस ब्रेड का एक पैकेट, दो किलोग्राम तैयार मिक्स वेज, तीन किलोग्राम पकी हुई मूंग दाल और दो किलोग्राम क्लासिक चाउ शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, आम लोगों को शुद्ध, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य प्रतिष्ठानों की नियमित जांच की जा रही है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। इस अभियान का उद्देश्य खाद्य कारोबारियों में स्वच्छता और सुरक्षा मानकों के प्रति जवाबदेही बढ़ाने के साथ उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की रक्षा करना है।

Share This Article
Leave a Comment