छपरा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एवं सारण सांसद राजीव प्रताप रूडी के निर्देश पर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सह सांसद प्रतिनिधि राकेश कुमार सिंह ने दीपावली के पावन अवसर पर अनूठी पहल की। उन्होंने बारवे पंचायत के वार्ड संख्या 14 स्थित दलित बस्ती में घर-घर जाकर मिठाई, बम-पटाखे और मोमबत्तियों का वितरण किया। इस दौरान उन्होंने बस्ती के बच्चों को अपने हाथों से मिठाई खिलाकर दीपावली की खुशियां साझा कीं। मिठाई और पटाखे पाकर बच्चों के चेहरे पर अलग ही खुशी देखने को मिली। पूरे बस्ती में त्योहार को लेकर उत्साह का माहौल रहा। महिलाओं और बुजुर्गों ने भी इस पहल की सराहना की। इस मौके पर भाजपा नेता राकेश सिंह ने कहा कि दीपावली खुशियों, प्रकाश, आपसी प्रेम और भाईचारे का पर्व है। इस पर्व की असली खुशी तभी है, जब समाज के हर वर्ग के लोगों के चेहरे पर मुस्कान हो। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और सांसद राजीव प्रताप रूडी की भावना और निर्देश के अनुरूप क्षेत्र के लोगों के बीच पहुंचकर दीपावली की खुशियां साझा करने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य समाज के प्रत्येक परिवार के साथ त्योहार की खुशियां बांटना तथा आपसी सौहार्द एवं सामाजिक एकता को मजबूत करना है। त्योहार का असली मतलब ही है कि कोई भी परिवार अंधेरे में न रहे। उन्होंने सभी क्षेत्रवासियों को दीपावली की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
इस कार्यक्रम के दौरान वार्ड सदस्य नुनु मांझी, शैलेश कुमार मांझी, सरपंच प्रतिनिधि राजेश सिंह, पैक्स अध्यक्ष प्रतिनिधि शुभम कुमार, धावक अर्जुन सिंह, चुनमुन सिंह, अनुज सिंह, सरोज राय, सूरज कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। ग्रामीणों ने सांसद प्रतिनिधि के इस कार्य को सराहनीय बताया।
दलित बस्ती के बच्चों के बीच सांसद प्रतिनिधि राकेश सिंह ने बांटी दीपावली की खुशियां, घर-घर बांटी मिठाई और पटाखे

Leave a Comment Leave a Comment

