मिलन चौक के बीच सड़क ‘मौत का गड्ढा’, छह माह पहले जा चुकी है युवक की जान; कब जागेगा पीडब्ल्यूडी?

Lok Bimb
3 Min Read

मालखान महतो

ईचागढ़ : सरायकेला-खरसावां प्रखंड क्षेत्र के सिल्ली-रांगामाटी मुख्य सड़क पर स्थित मिलन चौक अब सुरक्षित सफर का रास्ता नहीं, बल्कि राहगीरों और वाहन चालकों के लिए सीधा ‘मौत का गड्ढा’ बन चुका है। चौराहे के ठीक बीचों-बीच बना गहरा और विशाल गड्ढा हर दिन हादसों को निमंत्रण दे रहा है, लेकिन इसके बावजूद पीडब्ल्यूडी विभाग और स्थानीय प्रशासन की लापरवाही थमने का नाम नहीं ले रही है।
चार दिशाओं का संगम, दोगुना खतरा
मिलन चौक क्षेत्र के सबसे संवेदनशील और व्यस्ततम चौराहों में शुमार है। यहां से एक दिशा तिरुलडीह मुख्य सड़क, दूसरी दिशा सालुकडीह मुख्य सड़क, तीसरी दिशा सिल्ली और चौथी दिशा रांगामाटी को जोड़ती है। चार प्रमुख रास्तों के इस संगम पर बीच सड़क में बने गहरे गड्ढे से बचकर निकलना वाहन चालकों के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। खासकर रात के अंधेरे, कम रोशनी या तेज गति के दौरान बाहर से आने वाले चालकों को सड़क के बीचों-बीच बने इस गड्ढे का अंदाजा नहीं मिल पाता, जिससे वाहन असंतुलित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं।
छह माह पहले छिन चुकी है एक जिंदगी, कई बड़े वाहन भी शिकार
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह गड्ढा लंबे समय से लोगों की जान से खिलवाड़ कर रहा है। करीब छह महीने पहले इसी गड्ढे के पास हुए हादसे में एक युवक की मौत हो चुकी है। ग्रामीणों का कहना है कि इसके अलावा कई दोपहिया व चारपहिया वाहन तथा भारी वाहन भी यहां दुर्घटना का शिकार हो चुके हैं, जिससे लोगों में गहरी चिंता और आक्रोश व्याप्त है।
बड़े शहरों की लाइफलाइन पर मंडराया संकट
सिल्ली-रांगामाटी मार्ग से प्रतिदिन दर्जनों यात्री बसें, सैकड़ों कारें तथा भारी मालवाहक वाहन जमशेदपुर, बोकारो, धनबाद, रामगढ़ और रांची के लिए आते-जाते हैं। व्यस्त चौराहे के बीचों-बीच बने इस गड्ढे के पास यदि कोई यात्री बस या भारी वाहन अनियंत्रित हुआ, तो एक साथ कई जिंदगियां खतरे में पड़ सकती हैं और बड़ा हादसा हो सकता है।
तत्काल मरम्मत की मांग, आंदोलन की चेतावनी
लगातार हो रहे हादसों और संभावित बड़े खतरे को देखते हुए स्थानीय राहगीरों, ग्रामीणों तथा मिलन चौक व्यवसायिक सुरक्षा समिति में भारी नाराजगी है। समिति के सदस्यों और क्षेत्रवासियों ने पीडब्ल्यूडी विभाग व प्रशासन से चौराहे के बीच बने इस जानलेवा गड्ढे को अविलंब भरवाने और सड़क को दुरुस्त करने की पुरजोर मांग की है। लोगों ने स्पष्ट किया है कि यदि जल्द ही गड्ढे की मरम्मत नहीं की गई, तो वे जनहित में आंदोलन करने को विवश होंगे।

Share This Article
Leave a Comment