आईआईटी पटना में कृत्रिम मेधा उत्कृष्टता केंद्र की प्रगति की समीक्षा

Lok Bimb
2 Min Read

केंद्र सरकार के संयुक्त सचिव ने परियोजना में तेजी लाने का दिया निर्देश, प्रयोगशालाओं का भी किया दौरा

गोपाल विद्यार्थी 

पटना : आईआईटी पटना में स्थापित किए जा रहे कृत्रिम मेधा के विशाल उत्कृष्टता केंद्र की प्रगति की समीक्षा के लिए बुधवार को भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने संस्थान का दौरा किया। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व मंत्रालय के संयुक्त सचिव एवं वित्तीय सलाहकार राजेश सिंह ने किया। संस्थान के नवाचार एवं उद्यमिता केंद्र में आयोजित समीक्षा बैठक में आईआईटी पटना के अधिकारियों, बिहार सरकार के सूचना प्रौद्योगिकी विभाग तथा उद्योग भागीदार टाइगर एनालिटिक्स के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में परियोजना की वर्तमान स्थिति, अब तक हुई प्रगति और इसके शीघ्र क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई। उल्लेखनीय है कि इस परियोजना का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 21 नवंबर 2026 को किया था।राजेश सिंह ने अब तक हुई प्रगति की सराहना करते हुए कहा कि यह केंद्र बिहार की आवश्यकताओं को पूरा करने और राज्य में कृत्रिम मेधा के क्षेत्र को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने सभी संबंधित पक्षों से परियोजना के कार्यान्वयन में तेजी लाने का आग्रह किया।प्रतिनिधिमंडल में बिहार सरकार के सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के उप सचिव शाहनवाज अहमद नियाजी सहित टाइगर एनालिटिक्स के वैश्विक प्रमुख बदरीश प्रकाश, मुख्य वित्तीय अधिकारी देवानंद रमन दसानी और भागीदार नितिन कटारिया शामिल थे। आईआईटी पटना की ओर से प्रो. सोमनाथ त्रिपाठी, कार्यवाहक कुलसचिव डॉ. महेश कोलेकर, प्रो. राजीव मिश्रा और प्रो. प्रीतम कुमार उपस्थित रहे। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने नवाचार एवं उद्यमिता केंद्र की प्रयोगशालाओं और साझा सुविधाओं का निरीक्षण किया। साथ ही वहां कार्यरत नवोदित उद्यमों के प्रतिनिधियों से संवाद कर उनकी गतिविधियों और उपलब्धियों की जानकारी ली।

Share This Article
Leave a Comment