पटना में कल से सजेगा डीएवी यूनाइटेड फेस्टिवल-2026 का भव्य मंच

Lok Bimb
2 Min Read

किकू शारदा और सुगंधा मिश्रा की प्रस्तुतियां होंगी खास, पद्मश्री पूनम सूरी सहित देशभर के डीएवी परिवार की रहेगी सहभागिता

गोपाल विद्यार्थी

पटना : राजधानी पटना में 28 से 30 नवंबर तक तीन दिवसीय भव्य डीएवी यूनाइटेड फेस्टिवल-2026 का आयोजन होगा। शिक्षा, संस्कृति, कला, परंपरा और मनोरंजन के इस महोत्सव में देशभर के डीएवी विद्यालयों एवं महाविद्यालयों से जुड़े विद्यार्थी, शिक्षक, शिक्षाविद् और पदाधिकारी एक मंच पर जुटेंगे। आयोजन में डीएवी कॉलेज प्रबंध समिति के अध्यक्ष एवं पद्मश्री सम्मानित पूनम सूरी की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी एवं विजेंद्र प्रसाद यादव सहित राज्य सरकार के मंत्रीगण और अन्य गणमान्य अतिथियों के शामिल होने की संभावना है।
ज्ञान भवन में होगा उद्घाटन, तीन दिनों तक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम
महोत्सव का उद्घाटन 28 नवंबर को पटना के ज्ञान भवन में दीप प्रज्ज्वलन, डीएवी गीत, स्वागत नृत्य और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ होगा। इससे पूर्व 27 नवंबर को विशिष्ट अतिथियों का भव्य स्वागत किया जाएगा। 29 एवं 30 नवंबर को संगीत, नृत्य, हास्य और मनोरंजन से जुड़े विविध कार्यक्रम आयोजित होंगे। प्रसिद्ध हास्य कलाकार किकू शारदा और सुप्रसिद्ध गायिका एवं हास्य कलाकार सुगंधा मिश्रा की प्रस्तुतियां विशेष आकर्षण होंगी। इसके साथ ही विभिन्न राज्यों के प्रतिभागी अपनी कला और सांस्कृतिक प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

एकता और सांस्कृतिक विरासत का बनेगा प्रतीक
डीएवी प्रशासन के मुताबिक महोत्सव में बिहार की लोककला, लोकसंगीत और पारंपरिक नृत्य की विशेष झलक देखने को मिलेगी। आयोजन का उद्देश्य डीएवी परिवार की एकजुटता, शैक्षणिक उत्कृष्टता, भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और राष्ट्रीय एकता को बढ़ावा देना है। तीन दिवसीय यह महोत्सव शिक्षा और मनोरंजन के साथ सांस्कृतिक विविधता का यादगार संगम बनेगा।

Share This Article
Leave a Comment