पत्नी की हत्या के आरोप में पति रंजीत मंडल गिरफ्तार, दाह संस्कार में शामिल होने के बाद घर के पीछे बहियार से दबोचा गया

Lok Bimb
3 Min Read

दो अन्य आरोपित अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर, 24 नवंबर को नवविवाहिता लक्ष्मी कुमारी की गोली लगने से हुई थी मौत

रजौन (बांका): 
नवविवाहिता पत्नी लक्ष्मी कुमारी की गोली मारकर हत्या करने के मामले में फरार चल रहे पति रंजीत मंडल को रजौन पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर शुक्रवार को उसे उसके घर के पीछे स्थित बहियार से दबोचा। गिरफ्तारी से पहले आरोपित पति गुरुवार को अपनी पत्नी के दाह संस्कार में शामिल हुआ था और परिजनों के आग्रह पर उसने ही पत्नी को मुखाग्नि दी थी।मिली जानकारी के अनुसार, 24 नवंबर को रजौन थाना क्षेत्र के कैथा गांव में नवविवाहिता लक्ष्मी कुमारी की गोली लगने से मौत हो गई थी। घटना के बाद से ही उसका पति रंजीत मंडल फरार चल रहा था। पोस्टमार्टम के बाद मृतका का शव दो दिनों तक घर पर रखा रहा। परिजनों के लगातार आग्रह के बाद रंजीत गुरुवार को घर पहुंचा और दाह संस्कार की रस्में पूरी कीं। इसके बाद वह घर के पीछे बहियार में छिप गया था। इसी दौरान गुप्त सूचना मिलने पर पुलिस ने छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।रजौन थानाध्यक्ष अभय शंकर ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि दाह संस्कार के बाद आरोपित घर के पीछे बहियार में छिपा हुआ था। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।
बताया जाता है कि कैथा गांव निवासी रंजीत मंडल टेंट का काम करता है। इस मामले में मृतका की मां रीना देवी, निवासी खुर्द डुमरिया, थाना हनवारा, जिला गोड्डा (झारखंड) ने रजौन थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। प्राथमिकी में माँ रीना देवी ने बताया है कि उनकी बेटी लक्ष्मी कुमारी के ननद की शादी 20 नवंबर 2026 थी। और हम शादी समारोह में वह स्वयं भी शामिल हुई थीं। इसके अलावा उनकी 10 वर्षीय भतीजी राजनंदनी कुमारी, निवासी इस्लामपुर, थाना रजौन भी शादी में आई थी।प्राथमिकी के अनुसार, घटना के समय राजनंदनी घर में मौजूद थी। उसने पुलिस को दिए गए बयान में बताया है कि रंजीत मंडल अपने दो साथियों के साथ खाट पर बैठकर अवैध हथियार से गोली निकालने और डालने का काम कर रहा था। इसी दौरान गोली चल गई, जो लक्ष्मी कुमारी के सीने में जा लगी। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा अभी तक नहीं हो सका है। वहीं, गांव में चर्चा है कि रंजीत अपने घर में रखे अवैध हथियार की सफाई कर रहा था। इस दौरान उसके दो साथी भी मौजूद थे। हालांकि, इस चर्चा की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Share This Article
Leave a Comment