मशाल-2026 में 11.61 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने कराया पंजीकरण, 27 नवंबर तक बढ़ी तिथि

Lok Bimb
2 Min Read

पूर्वी चंपारण पहले, वैशाली दूसरे और दरभंगा तीसरे स्थान पर; पटना सातवें पायदान पर

गोपाल विद्यार्थी 

पटना :
राज्य में खेल प्रतिभाओं की पहचान और उन्हें प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित होने वाली मशाल-2026 प्रतियोगिता को विद्यार्थियों का अच्छा समर्थन मिल रहा है। 24 नवंबर तक राज्य के सभी 38 जिलों से 11,61,189 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया है। विद्यार्थियों की भागीदारी बढ़ाने के लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि 20 नवंबर से बढ़ाकर अब 27 नवंबर की रात 10 बजे तक कर दी गई है। बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह सीईओ रविंद्रन शंकरण ने इस संबंध में शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव सीके अनिल को पत्र भेजकर सभी जिलों में संशोधित तिथि की जानकारी देने का अनुरोध किया है।पंजीकरण में पूर्वी चंपारण 83,315 विद्यार्थियों के साथ पहले, वैशाली 81,210 के साथ दूसरे और दरभंगा 51,958 के साथ तीसरे स्थान पर है। वहीं, पटना में 46,052 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया है और जिला राज्य में सातवें स्थान पर है। सबसे कम पंजीकरण शेखपुरा में 4,250 हुआ है।मशाल-2026 राज्यव्यापी खेल प्रतिभा पहचान कार्यक्रम का दूसरा संस्करण है। शिक्षा एवं खेल विभाग द्वारा बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के माध्यम से आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य स्कूली विद्यार्थियों की छिपी खेल प्रतिभाओं को पहचानना और उन्हें खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करना है।

Share This Article
Leave a Comment