प्रकाश पर्व पर 20 हजार श्रद्धालुओं के ठहरने की होगी व्यवस्था

Lok Bimb
3 Min Read

9 से 16 जनवरी तक होंगे आयोजन, दीघा घाट से कंगन घाट तक वाटर मेट्रो चलाने की संभावना तलाशेगी सरकार

गोपाल विद्यार्थी 

पटना : श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के 360वें प्रकाश पर्व की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को तख्त श्री हरमंदिर जी पटना साहिब गुरुद्वारा में समीक्षा बैठक की। उन्होंने देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, आवासन और सुगम आवागमन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने का निर्देश दिया। प्रकाश पर्व का आयोजन 9 से 16 जनवरी, 2027 तक होगा। इसकी थीम ‘बिहार है तैयार, जी आया नूं’ रखी गई है। बैठक में श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए 20 से 30 एकड़ क्षेत्र में व्यवस्था विकसित करने और करीब 20 हजार लोगों के आवासन की सुविधा उपलब्ध कराने की योजना पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने पटना साहिब गुरुद्वारा तक पहुंचने वाली सड़कों को व्यवस्थित करने के साथ पटना साहिब, गुलजारबाग, पटना जंक्शन और राजेंद्र नगर रेलवे स्टेशनों पर श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

वाटर मेट्रो चलाने की संभावना पर होगा विचार

श्रद्धालुओं की आवाजाही सुगम बनाने और यातायात का दबाव कम करने के लिए मुख्यमंत्री ने दीघा घाट से कंगन घाट तक वाटर मेट्रो सेवा शुरू करने की संभावना तलाशने का निर्देश दिया। इसके लिए आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था करने और कोलकाता से वाटर मेट्रो किराये पर लेने के विकल्प पर भी विचार करने को कहा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष बसों के परिचालन, पेयजल, स्वच्छता, स्ट्रीट लाइट, चलंत शौचालय और भीड़ प्रबंधन की समुचित व्यवस्था करने का भी निर्देश दिया।

स्वास्थ्य सुविधाओं पर विशेष जोर

जनवरी में ठंड को देखते हुए मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य की बेहतर देखभाल के लिए विशेष इंतजाम करने को कहा। उन्होंने हृदय रोग विशेषज्ञों सहित आवश्यक चिकित्सा विशेषज्ञों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा कॉम्फेड के माध्यम से दूध-दही की पर्याप्त आपूर्ति कराने का निर्देश दिया। साथ ही सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने और नियमित मॉनिटरिंग करने को कहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। बैठक के बाद उन्होंने तख्त श्री हरमंदिर जी गुरुद्वारा में मत्था टेककर राज्य की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से उन्हें सरोपा, तलवार और प्रतीक चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया। बैठक में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, विधायक रत्नेश कुशवाहा, पटना की महापौर सीता साहू, पुलिस महानिदेशक प्रीता वर्मा, पटना  डीएम कुंदन कुमार, एसएसपी कार्तिकेय के. शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी और गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के पदाधिकारी उपस्थित थे।

Share This Article
Leave a Comment