पूर्व मध्य रेल से सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों का विदाई समारोह एवं सम्मान

Lok Bimb
2 Min Read

हाजीपुर : पूर्व मध्य रेल से अक्टूबर 2026 में कुल 07 अधिकारी एवं 81 कर्मचारी अपनी अधिवर्षिता आयु पूर्ण करने के उपरांत रेल सेवा से सेवानिवृत्त हो रहे हैं। इस अवसर पर पूर्व मध्य रेल मुख्यालय, हाजीपुर, मंडलों एवं विभिन्न इकाइयों के कार्मिक विभाग द्वारा विदाई समारोह आयोजित कर सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया जा रहा है।

इसी क्रम में आज मुख्यालय, हाजीपुर में आयोजित समारोह में महाप्रबंधक, पूर्व मध्य रेल, श्री डिम्पी गर्ग ने सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों की दीर्घकालीन एवं समर्पित रेल सेवा के लिए उनके प्रति आभार व्यक्त किया तथा जीवन की नई पारी के लिए उन्हें शुभकामनाएँ दीं।

इस अवसर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सेवानिवृत्त होने वाले कर्मियों के साथ बिताए गए पलों एवं रेल सेवा में उनके अमूल्य योगदान के संबंध में अपने विचार व्यक्त किए। साथ ही, उनके स्वस्थ, दीर्घायु एवं सुखमय जीवन की कामना की।

विदित हो कि 60 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर सेवानिवृत्त होने वाले रेलकर्मियों को कार्मिक विभाग द्वारा सभी आवश्यक औपचारिकताएँ पूरी करने के उपरांत सेवा प्रमाण-पत्र, शॉल, स्मृति चिह्न, पेंशनर पहचान-पत्र, परिवार पहचान-पत्र, पेंशन भुगतान आदेश (पीपीओ), मेडिकल कार्ड, भुगतान की जाने वाली राशि का विवरण एवं अन्य देय दस्तावेज प्रदान किए जाते हैं।

इसी क्रम में सेवानिवृत्ति लाभ के रूप में लगभग 40 करोड़ 80 लाख रुपये का भुगतान किया जा रहा है।

सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समय पर देय सुविधाओं एवं राशि का भुगतान सुनिश्चित करने के लिए महाप्रबंधक द्वारा प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी एवं पूर्व मध्य रेल के कार्मिक विभाग की पूरी टीम के प्रयासों की सराहना की गई तथा इस व्यवस्था को निरंतर जारी रखने का निर्देश दिया गया।

Share This Article
Leave a Comment