नई दिल्ली : भारत वेब3 एसोसिएशन (BWA) ने वर्चुअल डिजिटल एसेट (वीडीए) क्षेत्र में पारदर्शिता, जवाबदेही और उपभोक्ता संरक्षण को मजबूत करने के लिए स्वतंत्र स्व-नियामक निकाय (एसआरबी) के गठन की घोषणा की है। इसका उद्देश्य क्षेत्र में बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था स्थापित करना, जिम्मेदार कार्यप्रणालियों को बढ़ावा देना और नियमों के पालन को प्रोत्साहित करना है।
बीडब्ल्यूए के अनुसार, एसआरबी के दिशानिर्देश वैश्विक स्तर पर अपनाई जाने वाली बेहतर कार्यप्रणालियों और भारत में स्व-नियामक संगठनों के लिए भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की ओर से जारी रूपरेखाओं पर आधारित हैं। इनमें वित्तीय प्रौद्योगिकी क्षेत्र से संबंधित रूपरेखाएं भी शामिल हैं। एसआरबी अपने सदस्यों को निष्पक्ष व्यापार, बाजार की पारदर्शिता, साइबर सुरक्षा, डिजिटल परिसंपत्तियों और ग्राहकों के आंकड़ों की सुरक्षा, टोकन सूचीबद्ध करने में पारदर्शिता, उपभोक्ता संरक्षण, शिकायत निवारण तथा जिम्मेदार विपणन और संचार से जुड़े मानकों का पालन करने के लिए प्रोत्साहित करेगा। यह निकाय धनशोधन रोकने और आतंकवाद के वित्तपोषण पर अंकुश लगाने से संबंधित प्रक्रियाओं सहित शासन व्यवस्था और अनुपालन की समय-समय पर समीक्षा करेगा। इसके अलावा, सदस्यों की कार्यप्रणालियों में सुधार के लिए आवश्यक उपायों की सिफारिश भी करेगा। बीडब्ल्यूए ने भारत सरकार के पूर्व सचिव और सेवानिवृत्त भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी रोहित कुमार सिंह को एसआरबी का अध्यक्ष नियुक्त किया है। भारतीय रिजर्व बैंक के मौद्रिक नीति विभाग की पूर्व प्रभारी सलाहकार डॉ. प्रज्ञा दास को इसका सदस्य बनाया गया है। एसआरबी के गठन पर बीडब्ल्यूए के अध्यक्ष दिलीप चेनॉय ने कहा कि संगठन भारत में वीडीए क्षेत्र में जोखिम कम करने और नियमों के अनुपालन पर केंद्रित नियमन की लगातार वकालत करता रहा है। एसआरबी का गठन इस क्षेत्र में अनुपालन को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता की दिशा में उठाया गया कदम है। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में स्वतंत्र एसआरबी की शुरुआत महत्वपूर्ण है। पारदर्शिता, साइबर सुरक्षा, उपभोक्ता संरक्षण और शिकायत निवारण के लिए स्वैच्छिक मानक तय करने से बाजार में अनुशासन स्थापित करने और खुदरा निवेशकों के हितों की रक्षा करने में मदद मिलेगी।
भारत वेब3 एसोसिएशन ने बनाया स्व-नियामक निकाय, डिजिटल परिसंपत्ति क्षेत्र में नियमों के पालन पर जोर

Leave a Comment Leave a Comment

