ऊर्जा क्षेत्र में 5.60 लाख करोड़ रुपये के निवेश का लक्ष्य, 2030 तक 15,000 मेगावाट हरित ऊर्जा क्षमता हासिल करेगा छत्तीसगढ़

Lok Bimb
7 Min Read

130 से अधिक देशों की भागीदारी वाले वैश्विक ऊर्जा सम्मेलन में छत्तीसगढ़ ने प्रस्तुत की निवेश की संभावनाएं

नई दिल्ली: छत्तीसगढ़ ने भारत रिन्यूएबल एनर्जी समिट एंड एक्सपो 2026 में ऊर्जा क्षेत्र में अपनी व्यापक निवेश संभावनाओं और महत्वाकांक्षी योजनाओं को प्रस्तुत किया। राज्य ने अगले पांच वर्षों में ऊर्जा क्षेत्र में 5.60 लाख करोड़ रुपये के निवेश का लक्ष्य रखा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2 नवंबर को भारत मंडपम में चार दिवसीय सम्मेलन का उद्घाटन किया। इस सम्मेलन में छत्तीसगढ़ ने ऊर्जा उत्पादन बढ़ाने और नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता के विस्तार की अपनी कार्ययोजना साझा की।

मुख्यमंत्रियों और केंद्रीय मंत्रियों की मौजूदगी में आयोजित उच्चस्तरीय राउंड टेबल बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राज्य में उपलब्ध निवेश अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने निवेशकों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से छत्तीसगढ़ की ऊर्जा विकास यात्रा में भागीदार बनने का आह्वान किया।

इस अवसर पर केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रल्हाद जोशी तथा केंद्रीय विद्युत एवं नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा राज्य मंत्री श्रीपाद येसो नाईक भी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में 23,923 मेगावाट क्षमता की नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं के लिए 1.33 लाख करोड़ रुपये के निवेश की संभावनाएं हैं। वहीं, ताप विद्युत उत्पादन क्षमता के विस्तार के लिए लगभग 3.27 लाख करोड़ रुपये के निवेश की योजना है।

छत्तीसगढ़ का लक्ष्य अपनी मौजूदा 3,000 मेगावाट हरित ऊर्जा क्षमता को बढ़ाकर वर्ष 2030 तक 15,000 मेगावाट करना है। इसके साथ ही राज्य की कुल बिजली मांग में हरित ऊर्जा की हिस्सेदारी मौजूदा 15 प्रतिशत से बढ़ाकर 45 प्रतिशत से अधिक करने की योजना है।

साय ने कहा कि वर्ष 2030 तक गैर-पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों से 500 गीगावाट बिजली उत्पादन के भारत के राष्ट्रीय लक्ष्य में छत्तीसगढ़ महत्वपूर्ण योगदान देगा। राज्य में पहले से ही 28,000 मेगावाट से अधिक क्षमता के कोयला आधारित ताप विद्युत संयंत्र स्थापित हैं।

बिजली की बढ़ती मांग को देखते हुए राज्य सरकार ताप विद्युत के साथ सौर ऊर्जा, जल विद्युत, बायोमास और ऊर्जा भंडारण परियोजनाओं का संतुलित विस्तार करेगी।

पंप स्टोरेज, बैटरी और सौर ऊर्जा में निवेश के बड़े अवसर

बिजली आपूर्ति को अधिक विश्वसनीय बनाने के लिए राज्य में कुल 12,300 मेगावाट क्षमता की 10 पंप स्टोरेज जल विद्युत परियोजनाओं की पहचान की गई है। इन परियोजनाओं में लगभग 65,000 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव है।

इसके अलावा, अगले दो वर्षों में 10,000 मेगावाट-घंटे क्षमता की बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणालियां स्थापित करने की योजना है। राजनांदगांव में 100 मेगावाट की सौर परियोजना के साथ 40 मेगावाट/120 मेगावाट-घंटे क्षमता की बैटरी भंडारण प्रणाली पहले से संचालित है।

राजनांदगांव जिले का खैरा गांव छत्तीसगढ़ का पहला पूर्णतः सौर ऊर्जा से संचालित गांव बन गया है। गांव के सभी 141 घरों की छतों पर 2 किलोवाट क्षमता के सोलर पैनल लगाए गए हैं, जिनसे कुल 282 किलोवाट बिजली का उत्पादन हो रहा है। इनमें प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्मित 93 घर भी सौर ऊर्जा से रोशन हो रहे हैं। इसके लिए ग्रामीणों को कोई खर्च नहीं करना पड़ा है।

राज्य में घरों और कृषि क्षेत्रों तक सौर ऊर्जा पहुंचाने की दिशा में भी प्रगति हुई है। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत अब तक लगभग 1.26 लाख सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं।

इसके अलावा, राज्य में 1.66 लाख सौर ऊर्जा आधारित सिंचाई पंपों से लगभग 1.94 लाख हेक्टेयर कृषि भूमि की सिंचाई की जा रही है। प्रधानमंत्री कुसुम योजना के तहत 395 मेगावाट कुल क्षमता के सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने की भी योजना है।

बायोगैस, एथेनॉल और परमाणु ऊर्जा पर विशेष जोर

मुख्यमंत्री ने कृषि अपशिष्ट, गोबर और अन्य जैव संसाधनों के उपयोग से कम्प्रेस्ड बायोगैस, बायो-एथेनॉल और ग्रीन हाइड्रोजन के उत्पादन की संभावनाओं पर भी प्रकाश डाला।

राज्य में कुल 80 मीट्रिक टन क्षमता के आठ कम्प्रेस्ड बायोगैस संयंत्र स्थापित करने का काम चल रहा है। इन पर लगभग 800 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव है। इसके अतिरिक्त, निजी निवेशकों से मिले करीब 6,000 करोड़ रुपये के प्रस्तावों पर भी प्रक्रिया जारी है।

वहीं, लगभग 4,200 मेगावाट क्षमता के परमाणु ऊर्जा संयंत्रों सहित विभिन्न ऊर्जा परियोजनाओं के लिए करीब 1.60 लाख करोड़ रुपये के निवेश की परिकल्पना की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार औद्योगिक विकास, ऊर्जा सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाकर आगे बढ़ रही है।

वैश्विक निवेशकों के सामने प्रस्तुत की छत्तीसगढ़ की ऊर्जा क्षमता

सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ पवेलियन का दौरा किया। यहां राज्य की ऊर्जा परियोजनाओं, नवीकरणीय ऊर्जा संसाधनों, तकनीकी पहलों और निवेश की संभावनाओं को प्रदर्शित किया गया।

मुख्यमंत्री ने निवेशकों और उद्योग प्रतिनिधियों से बातचीत कर उन्हें राज्य की नीतियों, उपलब्ध संसाधनों और विभिन्न परियोजनाओं में भागीदारी के अवसरों की जानकारी दी।

2 से 5 नवंबर तक आयोजित इस वैश्विक सम्मेलन में 130 से अधिक देशों के प्रतिनिधि शामिल हो रहे हैं। इनमें 40 से अधिक मंत्री, नीति निर्माता, निवेशक और प्रमुख उद्योग जगत के प्रतिनिधि शामिल हैं।

ऑस्ट्रेलिया, डेनमार्क, यूरोपीय संघ, फ्रांस, जर्मनी, नीदरलैंड, नॉर्वे, स्वीडन और यूनाइटेड किंगडम सहित नौ देश एवं क्षेत्रीय साझेदार के रूप में भाग ले रहे हैं।

‘निवेश, नवाचार और प्रेरणा’ की थीम पर आयोजित इस सम्मेलन में छत्तीसगढ़ को अपनी पारंपरिक ऊर्जा उत्पादन क्षमता के साथ हरित ऊर्जा, आधुनिक तकनीक और ऊर्जा भंडारण के क्षेत्र में भविष्य की निवेश संभावनाओं को वैश्विक निवेश समुदाय के सामने रखने का अवसर मिला।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह सहित छत्तीसगढ़ के अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।

Share This Article
Leave a Comment