बाप्पी दत्ता
सोनाहातू : रांची जिले के सोनाहातू प्रखंड अंतर्गत बनडीह गांव के समीप कथित अवैध बालू खनन और ढुलाई का मामला एक बार फिर चर्चा में है। हैरानी की बात यह है कि जिस स्थान पर अवैध बालू खनन और ढुलाई की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं, वहां प्रशासनिक अधिकारियों के पहुंचने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के अनुसार, बनडीह गांव के समीप का यह इलाका वन संरक्षित क्षेत्र के अंतर्गत आता है। बताया जाता है कि वर्ष 2018 में जब इस बालू घाट की नीलामी हुई थी, तब तत्कालीन उपायुक्त ने इस पर रोक लगाने का निर्देश दिया था। यहां तक कि एक कारोबारी की जमा राशि का 40 प्रतिशत काटकर शेष राशि वापस किए जाने की भी बात कही जाती है। इसके बावजूद आरोप है कि उक्त स्थल से प्रतिदिन लाखों सीएफटी बालू की ढुलाई की जा रही है।इसी बीच अवैध बालू खनन की सूचना मिलने पर बुंडू एसडीओ मोहनलाल मरांडी सोनाहातू अंचल अधिकारी के साथ बनडीह पहुंचने की चर्चा है। बताया जा रहा है कि मौके पर बालू के कथित अवैध कारोबार में इस्तेमाल हो रहे दो हाइवा और एक जेसीबी मशीन मौजूद थे। हालांकि, अधिकारियों के मौके पर पहुंचने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
स्थानीय लोगों के बीच यह सवाल उठ रहा है कि जब प्रशासन को अवैध खनन की जानकारी है और अधिकारी स्वयं मौके पर पहुंचे थे, तो फिर वाहनों और मशीनों के विरुद्ध कार्रवाई क्यों नहीं हुई? क्या किसी कारणवश कार्रवाई रोक दी गई या फिर मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया? इन सवालों का स्पष्ट जवाब सामने आना अभी बाकी है।
इस संबंध में बुंडू एसडीओ मोहनलाल मरांडी से फोन पर संपर्क कर उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया। बातचीत के दौरान उन्होंने अवैध कारोबार होने की बात स्वीकार करते हुए कहा कि वे दूसरे कार्य से उस क्षेत्र में गए थे। उन्होंने अवैध बालू कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करने की बात भी कही।
इधर, कथित अवैध बालू खनन और ढुलाई जारी रहने की शिकायतों के बीच प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं। अब देखना यह होगा कि संबंधित अधिकारी इस मामले में कब तक ठोस कार्रवाई करते हैं और वन संरक्षित क्षेत्र में हो रहे कथित अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।


