चतरा: केरेडारी का कोयला टंडवा के खधैया होकर ले जाने के लिए निजी कोल ढुलाई सड़क निर्माण की योजना को लेकर एक बार फिर विवाद गहरा गया है। जय अम्बे रोडलाइंस प्राइवेट लिमिटेड (JARL) कंपनी पर गोपदा और सिसई में कथित रूप से अवैध कोल सड़क निर्माण की गतिविधियां शुरू करने का आरोप लगा है। ग्रामीणों के अनुसार, कंपनी द्वारा सरकारी भूमि और रैयती जमीन पर बिना रैयतों के सहमति पूरी किए कोल ढुलाई सड़क निर्माण की तैयारी की जा रही थी। इस दौरान सड़क निर्माण में लगी मशीनों और कंपनी से जुड़े कर्मियों का ग्रामीणों ने विरोध किया और उन्हें मौके से खदेड़ दिया। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव और आक्रोश का माहौल है।
सरकारी भूमि आवंटन के नियमों की अनदेखी का आरोप
मामले में जिला प्रशासन की ओर से जारी पत्र ने सरकारी भूमि आवंटन की निर्धारित प्रक्रिया को लेकर स्थिति स्पष्ट की है। अपर समाहर्ता ने राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग, झारखंड, रांची की अधिसूचना संख्या 3842/रा०, दिनांक 24 नवंबर 2023 का हवाला दिया है। सरकारी भूमि हस्तांतरण नीति-2023 की कंडिका-II (i) के अनुसार, सरकारी भूमि के स्थायी हस्तांतरण एवं लीज बंदोबस्ती के लिए संबंधित अधियाची विभाग को राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग के समक्ष विधिवत अधियाचना समर्पित करना अनिवार्य है। अपर समाहर्ता द्वारा 7 अक्टूबर 2026 को जारी पत्र में उक्त प्रावधानों के तहत सूचनार्थ एवं आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। इससे स्पष्ट है कि सरकारी भूमि के आवंटन और लीज बंदोबस्ती के लिए निर्धारित सरकारी प्रक्रिया का पालन अनिवार्य है। ऐसे में गोपदा और सिसई में निजी कोल सड़क निर्माण को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, जमीन से संबंधित दस्तावेजों की जांच करने और बिना वैधानिक अनुमति किसी भी प्रकार के निर्माण कार्य पर रोक लगाने की मांग की है।
अब देखना यह होगा कि जिला प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है और कथित कोल सड़क निर्माण को लेकर उठ रहे सवालों पर संबंधित कंपनी एवं प्रशासन की ओर से क्या जवाब सामने आता है।


