लिट्टीपाड़ा के हैठबंधा में निर्माण कार्य की गुणवत्ता और विद्यालय परिसर के इस्तेमाल को लेकर विवाद; जिला प्रशासन से जांच की मांग!
पाकुड़/लिट्टीपाड़ा: आदिम जनजाति पहाड़िया समुदाय के उत्थान और विद्यार्थियों को बेहतर आवासीय सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित पीएम-जनमन योजना के तहत मॉडल +2 स्कूल, लिट्टीपाड़ा के हैठबंधा में बन रहे छात्रावास के निर्माण कार्य पर सवाल उठने लगे हैं। निर्माण स्थल से सामने आई तस्वीरों और स्थानीय स्तर पर लगाए जा रहे आरोपों ने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता, कार्यस्थल पर पारदर्शिता तथा विद्यालय परिसर के उपयोग को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
आरोप है कि छात्रावास निर्माण में घटिया गुणवत्ता की ईंट, मिट्टी मिश्रित बालू, घटिया क्वालिटी की गिट्टी का इस्तेमाल किया जा रहा है। निर्माण में प्रयुक्त छड़ तथा पिलर की मजबूती को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। हालांकि, इन आरोपों की वास्तविकता और निर्माण कार्य की तकनीकी गुणवत्ता की पुष्टि सक्षम विभागीय जांच एवं प्रयोगशाला परीक्षण के बाद ही हो सकेगी।
लेकिन दीर्घकालीन योजना होने के कारण इस तरह गुणवत्ता विहीन कार्य होना बहुत बड़ी चिंता की विषय है।
निर्माण स्थल पर सूचना बोर्ड कहां?
निर्माण कार्य में पारदर्शिता को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि स्थल पर ऐसा सूचना बोर्ड उपलब्ध नहीं है, जिससे प्राक्कलित राशि, निर्माण कार्य शुरू होने की तिथि, निर्धारित पूर्णता तिथि, कार्यकारी एजेंसी और अन्य आवश्यक तकनीकी विवरणों की स्पष्ट जानकारी मिल सके। ऐसे में सवाल उठता है कि आम लोगों को परियोजना की लागत, समय-सीमा और निर्माण की जिम्मेदारी से संबंधित जानकारी कैसे मिलेगी?
निर्माण स्थल पर परियोजना से संबंधित आवश्यक सूचनाओं की उपलब्धता और निर्धारित नियमों के अनुपालन की जांच की मांग की जा रही है।
विद्यालय परिसर और क्लास रूम बना निर्माण सामग्री रखने और मजदूरों के ठहरने का स्थान?
इस पूरे मामले में एक और महत्वपूर्ण सवाल विद्यालय परिसर के उपयोग को लेकर उठ रहा है। आरोप है कि निर्माण कार्य में लगी एजेंसी ने विद्यालय परिसर और कमरों का इस्तेमाल निर्माण सामग्री रखने तथा मजदूरों के रहने, खाने और सोने के लिए किया है। जिन क्लास रूम में पढ़ाई होनी चाहिए थी उसमें कंस्ट्रक्शन कंपनी के मजदूर रह रहे हैं वैसे में विद्यार्थियों की पढ़ाई लिखाई बाधित हो रही है।
यदि नियमित कक्षाओं के लिए निर्धारित कमरों का उपयोग लंबे समय से निर्माण कार्य से जुड़े लोगों के ठहरने के लिए किया जा रहा है, तो यह जांच का विषय है कि इसकी अनुमति किसने दी?
पीएम-जनमन योजना के उद्देश्य पर भी उठे सवाल
पीएम-जनमन योजना विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (PVTGs) के सामाजिक-आर्थिक विकास और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से जुड़ी है। ऐसे में योजना के तहत बन रहे छात्रावास की गुणवत्ता, उपयोगिता और निर्धारित उद्देश्यों के अनुरूप खर्च सुनिश्चित करना बेहद महत्वपूर्ण है।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि योजना के तहत खर्च की जा रही राशि का उपयोग निर्धारित स्वीकृति, नियमों और परियोजना के उद्देश्य के अनुरूप होना चाहिए। यदि निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल हुआ है या स्वीकृत प्रावधानों से हटकर राशि खर्च की गई है, तो इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और जिम्मेदार लोगों पर नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।
यह भी स्पष्ट होना चाहिए कि छात्रावास निर्माण की स्वीकृत लागत कितनी है, निर्माण कार्य किस एजेंसी को सौंपा गया है, गुणवत्ता की निगरानी कौन कर रहा है और अब तक कितना कार्य पूरा हुआ है।
जिला प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग!
मामले को लेकर जिला प्रशासन और संबंधित तकनीकी विभाग से निर्माण स्थल का निरीक्षण कराने की मांग की जा रही है। मांग है कि निर्माण सामग्री के नमूनों की जांच कराई जाए, स्वीकृत प्राक्कलन और तकनीकी नक्शे का मिलान किया जाए तथा पिलर, सरिया, कंक्रीट और अन्य संरचनात्मक हिस्सों की गुणवत्ता की तकनीकी जांच हो।
इसके साथ ही विद्यालय परिसर में निर्माण एजेंसी द्वारा कमरों और अन्य स्थानों के इस्तेमाल की अनुमति, निर्माण सामग्री के भंडारण तथा विद्यार्थियों की पढ़ाई पर पड़ने वाले संभावित प्रभाव की भी जांच होनी चाहिए।
यदि जांच में अनियमितता, मानकों के उल्लंघन या सरकारी राशि के दुरुपयोग की पुष्टि होती है, तो संबंधित व्यक्तियों एवं एजेंसी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।

विष्णु कुमार दान, प्रधानाचार्य, मॉडल प्लस टू स्कूल, लिट्टीपाड़ा ने कहा कि छात्रावास का निर्माण कर रही कंस्ट्रक्शन कंपनी को विद्यालय परिसर का इस्तेमाल करने की अनुमति न तो मैंने दी है और न ही कक्षा-कक्षों में कंपनी के मजदूरों एवं वर्करों को ठहरने की अनुमति दी है। मेरी अनुपस्थिति में विद्यालय के शिक्षक बलराम मंडल ने अपनी मनमानी से परिसर का उपयोग करने की सहमति दे दी। इसके बाद कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा विद्यालय परिसर में छड़, सीमेंट सहित अन्य निर्माण सामग्री रखी जाने लगी। जैसे ही मैंने यह देखा, तत्काल सामग्री हटाने का निर्देश दिया। लेकिन कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा अभी तक विद्यालय परिसर खाली नहीं किया गया है। इसलिए जिला प्रशासन को कंस्ट्रक्शन कंपनी के विरुद्ध उचित कार्रवाई करनी चाहिए।

लिट्टीपाड़ा के प्रभारी बीईओ बर्नर हांसदा ने कहा कि मामले की सूचना मिलते ही उन्होंने विद्यालय पहुंचकर निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सूचना सही पाई गई। उन्होंने कंस्ट्रक्शन कंपनी और विद्यालय प्रबंधन को जल्द से जल्द विद्यालय परिसर में रखी निर्माण सामग्री हटाकर परिसर की साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा क्लासरूम को खाली करने का निर्देश दिया है। साथ ही, मामले में आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन को लिखित रूप से अवगत कराया गया है।


