तालझारी प्रखंड में शिक्षकों की मासिक गुरु गोष्ठी आयोजित, समय पर विद्यालय संचालन व छात्रों की उपस्थिति बढ़ाने के निर्देश

Lok Bimb
2 Min Read
taljhari prakhand mein shikshakon ki masik guru goshthi aayojit, samay par vidyalaya sanchalan va chhatron ki upasthiti badhane ke nirdesh

फातेह आलम तालझारी

तालझारी : तालझारी प्रखंड सभागार में गुरुवार को सरकारी एवं अभियान विद्यालयों के शिक्षकों की मासिक गुरु गोष्ठी का आयोजन प्रखंड शिक्षा विस्तार पदाधिकारी (बीईईओ) रोबीन मंडल की अध्यक्षता में किया गया। बैठक में शिक्षा विभाग के विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा करते हुए विद्यालय संचालन, छात्र उपस्थिति एवं विभागीय कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए। बैठक को संबोधित करते हुए बीईईओ रोबीन मंडल ने सभी शिक्षकों को प्रतिदिन समय पर विद्यालय संचालित करने तथा विद्यार्थियों की उपस्थिति बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास करने को कहा। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग कर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करना शिक्षकों की जिम्मेदारी है।
उन्होंने निर्देश दिया कि सभी शिक्षक ई-विद्यावाहिनी पोर्टल पर नियमित रूप से अपनी उपस्थिति दर्ज करें। साथ ही प्रत्येक बुधवार को मध्याह्न भोजन के बाद विद्यार्थियों को आयरन की गोली खिलाना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करें। इसके लिए सभी विद्यालयों को आयरन की गोलियां उपलब्ध करा दी गई हैं। बीईईओ ने कहा कि विद्यालयों में अध्ययनरत शेष बच्चों की अपार आईडी शीघ्र बनाना सुनिश्चित किया जाए। जिन विद्यालयों में विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) का गठन हो चुका है, वहां जल्द से जल्द बैंक खाता खुलवाने की प्रक्रिया पूरी की जाए। इसके अलावा विद्यार्थियों के बीच पोशाक वितरण की तैयारी के लिए लाभुकों की सूची पहले से तैयार रखने का निर्देश भी दिया गया। उन्होंने सभी विद्यालयों को प्रतिदिन मध्याह्न भोजन (एमडीएम) का एसएमएस भेजने तथा प्रत्येक माह एमडीएम की रिपोर्ट कार्यालय में जमा करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विद्यालय संचालन एवं विभागीय कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में बीआरपी राजेंद्र मंडल, विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक एवं सीआरपी सहित अन्य शिक्षा कर्मी उपस्थित थे।

Share This Article
Leave a Comment