सोनू कुमार सिंह
सरायकेला-खरसावां : कांड्रा थाना क्षेत्र के राप्चा जंगल में दो युवकों की हत्या कर शव दफनाने के सनसनीखेज मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 22 वर्षीय फूलचंद रघुनाथ हांसदा और 25 वर्षीय रवींद्र मार्डी के रूप में हुई है।
सरायकेला के SDPO ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में मामले की जानकारी देते हुए बताया कि मोबाइल चोरी के शक में तीन युवकों – तपन प्रधान, राहुल हांसदा और सूरज को कांड्रा के धातकीडीह इलाके से अगवा किया गया था। आरोपियों ने तीनों को बोलेरो गाड़ी में बैठाकर सरना उमूल टायो गेट के पास ले जाकर बांस की बल्लियों से बेरहमी से पिटाई की।
SDPO के अनुसार, आरोपियों ने सूरज को जान से मारने की धमकी देकर मौके से भगा दिया, जबकि तपन और राहुल की पीट-पीटकर हत्या कर दी। इसके बाद दोनों के शवों को राप्चा-रामचंद्रपुर के जंगल में ले जाकर दफना दिया गया।
पुलिस ने इस कांड में इस्तेमाल की गई बांस की बल्ली और दो मोबाइल फोन को जब्त कर लिया है। फिलहाल दो आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और पुलिस अन्य शामिल लोगों की तलाश में जुटी है। जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा। घटना के बाद से मृतकों के परिजनों में मातम पसरा हुआ है।


