फातेह आलम तालझारी
तालझारी : तालझारी प्रखंड अंतर्गत राजकीय बुनियादी मध्य विद्यालय से भ्रष्टाचार का एक गंभीर मामला सामने आया है। स्कूल के प्रधानाध्यापक राजेश कुमार पर आरोप है कि वे आठवीं कक्षा उत्तीर्ण कर चुके छात्रों से टीसी (स्थानांतरण प्रमाण पत्र) देने के बदले अवैध रूप से पैसों की वसूली कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, आठवीं कक्षा पास करने के बाद छात्र जब उच्च शिक्षा के लिए अपनी टीसी लेने स्कूल पहुंचे, तो प्रधानाध्यापक द्वारा कथित तौर पर प्रत्येक छात्र से 100 रुपये से लेकर 200 रुपये तक की मांग की गई। छात्रों और अभिभावकों का कहना है कि बिना पैसे दिए टीसी देने में आनाकानी की जा रही है। प्रधानाध्यापक की सफाई: “बच्चे खुशी से स्कूल के लिए झाड़ू दे देते हैं” जब इस मामले को लेकर प्रधानाध्यापक राजेश कुमार से पूछताछ की गई, तो उन्होंने आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने एक अजीबोगरीब तर्क देते हुए कहा “किसी भी प्रकार की अवैध मांग नहीं की जा रही है। बच्चे अपनी खुशी से स्कूल में झाड़ू या अन्य छोटे-मोटे खर्चों के लिए कुछ दे देते हैं। वसूली जैसी कोई बात नहीं है।
इस भ्रष्टाचार की शिकायत शिक्षा विभाग के प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी (BE0) रोबिन कुमार मंडल से की गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए बीईओ ने आश्वासन दिया है कि सरकारी स्कूल में टीसी के नाम पर पैसे लेना पूरी तरह अवैध है।
बीईओ रोबिन कुमार मंडल ने कहा फिलहाल मुझे इस मामले की लिखित जानकारी नहीं थी, लेकिन अब मामला संज्ञान में आया है। इसकी पूरी जांच की जाएगी और यदि प्रधानाध्यापक दोषी पाए जाते हैं, तो उन पर उचित विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


