गोपाल विद्यार्थी
बिक्रम : बिहार में पहली बार टाटा मोटर्स की ओर से स्थापित रिवेयर (रीसाइक्लिंग) फैक्ट्री का उद्घाटन मंगलवार को बिक्रम प्रखंड के बघाकोल में बिहार के परिवहन मंत्री दामोदर रावत ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। मौके पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए टाटा मोटर्स के वाइस प्रेसिडेंट ने कहा कि कंपनी का उद्देश्य ‘रिसाइकिल विद रिस्पेक्ट’ की भावना को साकार करना है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण तथा प्रदूषण मुक्त भारत के निर्माण में वाहन रीसाइक्लिंग की महत्वपूर्ण भूमिका है। पुराने एवं अनुपयोगी वाहनों से निकलने वाले सभी वेस्ट मटेरियल को वैज्ञानिक तरीके से अलग-अलग कर पुनर्चक्रण (रीसाइक्लिंग) किया जाता है, जिससे प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण होने के साथ-साथ प्रदूषण में भी उल्लेखनीय कमी आती है। मुख्य अतिथि परिवहन मंत्री दामोदर रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में टाटा मोटर्स की यह पहल सराहनीय है। उन्होंने कहा कि ऐसी आधुनिक रीसाइक्लिंग इकाइयां न केवल पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान देंगी, बल्कि औद्योगिक विकास को नई गति देने के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित करेंगी।
उन्होंने कहा कि बिहार में इस तरह की अत्याधुनिक रीसाइक्लिंग फैक्ट्री की स्थापना राज्य के औद्योगिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ सतत विकास के लक्ष्य को भी मजबूती मिलेगी।
समारोह में टाटा मोटर्स के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे।


