मुख्यमंत्री ने नासरीगंज–पानापुर निःशुल्क फेरी सेवा का शुभारंभ किया, आवागमन होगा सुगम और आर्थिक गतिविधियों को मिलेगी गति

Lok Bimb
2 Min Read

पटना: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को पटना के दानापुर स्थित नासरीगंज घाट से पानापुर घाट के बीच निःशुल्क स्टीमर (फेरी) सेवा का हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। इस सेवा के शुरू होने से गंगा पार आवागमन सुगम होगा तथा क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।

कार्यक्रम के दौरान पटना के जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने मुख्यमंत्री को फेरी सेवा की विस्तृत जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने स्टीमर का निरीक्षण किया और उस पर सवार यात्रियों से बातचीत भी की। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने उनका स्वागत किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह फेरी सेवा पूरी तरह निःशुल्क होगी और विशेष रूप से दानापुर प्रखंड के दियारा क्षेत्र के लोगों के लिए राहत लेकर आएगी। उन्होंने कहा कि इससे किसानों, सब्जी एवं फल उत्पादकों, दुग्ध व्यवसायियों और व्यापारियों को अपने उत्पाद बाजार तक पहुंचाने में सुविधा होगी, जिससे स्थानीय व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

यह सेवा दियारा क्षेत्र की छह ग्राम पंचायतों—पुरानी पानापुर, मानस, कासिमचक, हेतनपुर, गंगहारा और पतलापुर—की 66 हजार से अधिक आबादी को सीधे लाभ पहुंचाएगी। मानसून के दौरान पीपा पुल हट जाने से लोगों को गंगा पार करने में कठिनाई और जोखिम का सामना करना पड़ता है। ऐसे समय में यह फेरी सेवा सुरक्षित और सुविधाजनक आवागमन का विकल्प प्रदान करेगी।

दियारा क्षेत्र में वर्तमान में 58 विद्यालय95 आंगनबाड़ी केंद्रतीन स्वास्थ्य उपकेंद्र और पंचायत कार्यालय संचालित हैं। फेरी सेवा शुरू होने से इन संस्थानों में कार्यरत 553 शिक्षक एवं कर्मचारी190 आंगनबाड़ी सेविका-सहायिकाएं, स्वास्थ्यकर्मी तथा पंचायत कर्मियों को भी आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव, विधान परिषद सदस्य अनामिका सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, जिलाधिकारी कुंदन कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a Comment