फातेह आलम तालझारी
तालझारी : सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) तालझारी में मंगलवार को प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रंजन कुमार की अध्यक्षता में मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में सीएचसी तालझारी के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी (सीएचओ), एएनएम, सहिया साथी, बीटीटी, स्वास्थ्य पदाधिकारी एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने सभी स्वास्थ्यकर्मियों से वर्तमान में संचालित स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए लक्ष्य के अनुरूप कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने विशेष रूप से उन लाभार्थियों की पहचान करने पर बल दिया, जो अब तक स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित रह गए हैं। इसके लिए सहिया दीदियों को अधिक से अधिक घर-घर भ्रमण कर पात्र लाभार्थियों को चिन्हित करने तथा उन्हें विभागीय योजनाओं का लाभ दिलाने का निर्देश दिया गया। उन्होंने कहा कि सभी स्वास्थ्यकर्मी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि स्वास्थ्य विभाग द्वारा निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित की जा सके और प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचे। बैठक में प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक विजय राम, प्रखंड लेखा प्रबंधक देव नारायण रविदास, प्रखंड डाटा मैनेजर इमानुएल, सीएचओ भारती बाड़ा एवं शुभम कुमार, एएनएम सरला सेवरा और नीलिमा सारण, सहिया साथी सजनी मुर्मू एवं मेरी मालतो, सहिया पर्यवेक्षक अवधेश कुमार, राजकुमार पंडित तथा आरकेएसके सहिया पर्यवेक्षिका सुनीता कुमारी सहित सभी स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित थे।


