मजदूरों को संगठित कर उनके हक की लड़ाई को मजबूत करना जरूरी  मनोज सोरेन

Lok Bimb
2 Min Read

फातेह आलम तालझारी

मंडरो :-  झारखंड मजदूर संघ (प्रजातांत्रिक) की प्रखंड स्तरीय बैठक रविवार, 9 अगस्त 2026 को मंडरो हाट परिसर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष रोशन मुर्मू ने की। बैठक में संगठन की मजबूती, सदस्यता अभियान सहित मजदूर एवं गरीब वर्ग के लोगों को संगठन से जोड़ने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के दौरान प्रखंड कमेटी के सदस्यों द्वारा संघ के जिला अध्यक्ष मनोज सोरेन का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। इसके बाद संगठन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने और अधिक से अधिक मजदूरों को संघ से जोड़ने का संकल्प लिया।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष मनोज सोरेन ने कहा कि मजदूरों, गरीबों और वंचित तबके के लोगों को संगठित करना संगठन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि एकजुट होकर ही मजदूर वर्ग अपने अधिकारों की रक्षा कर सकता है। उन्होंने विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर आदिवासी समाज से संगठित होकर अपने अधिकारों के लिए आवाज बुलंद करने की अपील की। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज की पहचान और अस्तित्व जल, जंगल और जमीन से जुड़ा हुआ है। इसलिए इन प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा करना और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहना सभी का परम कर्तव्य है। बैठक में संगठन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने मजदूरों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने तथा उनके हक और अधिकार के लिए निरंतर संघर्ष करने की बात कही। साथ ही संगठन की सदस्यता बढ़ाने और प्रखंड स्तर पर संगठन को और अधिक मजबूत बनाने पर जोर दिया गया।

Share This Article
Leave a Comment