तलबन्ना के जलजमाव प्रभावित इलाकों में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने किया घर-घर भ्रमण

Lok Bimb
2 Min Read

फातेह आलम तालझारी

जरूरी दवाओं का वितरण कर लोगों को बीमारियों से बचाव के बताए उपाय

साहिबगंज : जिले में गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर के कारण शहरी क्षेत्र के कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति बनी हुई है। इसी क्रम में गुरुवार को साहिबगंज शहरी के चिकित्सक पदाधिकारी डॉ. अमित कुमार एवं फार्मासिस्ट मोनू मैथ्यू मुर्मू ने तलबन्ना के पानी में डूबे प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण किया।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जलजमाव के बीच घर-घर पहुंचकर लोगों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जानकारी ली तथा जरूरत के अनुसार आवश्यक दवाइयों का वितरण किया। टीम ने लोगों को जलजमाव के कारण होने वाली संभावित बीमारियों के प्रति जागरूक करते हुए उनसे बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी। लोगों को साफ-सफाई, सुरक्षित पेयजल के उपयोग तथा बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की सलाह दी गई।
इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ सहिया सरस्वती देवी भी मौजूद रहीं। उन्होंने भी प्रभावित परिवारों से संपर्क कर स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ली और लोगों को सावधानी बरतने के लिए प्रेरित किया। भ्रमण के दौरान दिव्यांग कन्हैया मंडल, जिनके दोनों हाथ नहीं हैं, ने स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा प्रभावित क्षेत्र में पहुंचकर दवा एवं स्वास्थ्य संबंधी सहायता उपलब्ध कराने पर आभार जताया। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की इस पहल के लिए धन्यवाद दिया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कहा कि बाढ़ एवं जलजमाव की स्थिति में लोगों तक आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए विभाग की ओर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

Share This Article
Leave a Comment