कहलगांव (भागलपुर) : रसलपुर थाना क्षेत्र के चायटोला मोड़ के समीप नवनिर्मित फोरलेन पर गुरुवार को 16 चक्का ट्रक और टोटो के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में टोटो चालक समेत दो लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टोटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, टोटो अपनी साइड से जा रहा था। इसी दौरान चायटोला मोड़ के पास ट्रक और टोटो की टक्कर हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तत्काल घायलों को बाहर निकाला और इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा।
घायल टोटो चालक की पहचान सनोखर निवासी संतोष भगत, पिता सत्यनारायण भगत के रूप में बताई गई है। टोटो पर सवार एक अन्य यात्री भी हादसे में घायल हुआ है।
रोजी-रोटी के लिए घर से निकले थे: हादसे ने एक बार फिर उन परिवारों की मजबूरी और दर्द को सामने ला दिया, जिनके सदस्य रोज घर से दो पैसे कमाने और परिवार का पालन-पोषण करने के लिए निकलते हैं। परिजनों को क्या पता था कि रोज की तरह काम पर निकले उनके अपने हादसे का शिकार हो जाएंगे।
स्थानीय लोगों ने फोरलेन के टर्निंग प्वाइंट और निर्माणाधीन हिस्सों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने तथा वाहनों की गति पर नियंत्रण की मांग की है। दुर्घटना की वास्तविक वजह और ट्रक की गति की आधिकारिक पुष्टि पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगी।
चायटोला फोरलेन पर ट्रक-टोटो की भिड़ंत में दो घायल

Leave a Comment Leave a Comment

