फसल सुरक्षा कार्यक्रम में किसानों को दी गई वैज्ञानिक खेती की जानकारी

Lok Bimb
3 Min Read

साहिबगंज के तीन प्रखंडों में आयोजित प्रशिक्षण से किसान हुए लाभान्वित, कीट-रोग नियंत्रण और जैविक खेती के बताए गए उपाय

फातेह आलम तालझारी

साहिबगंज :
साहिबगंज जिले में किसानों को वैज्ञानिक खेती और फसल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से संचालित प्रखंड स्तरीय फसल सुरक्षा कार्यक्रम का रविवार को सफल समापन हो गया। कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग, झारखंड सरकार के निर्देश पर जिला कृषि पदाधिकारी-सह-परियोजना निदेशक (आत्मा), साहिबगंज के तत्वावधान में 26 सितंबर से 11 अक्टूबर 2026 तक जिले के तीन प्रखंडों में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान किसानों को फसलों में लगने वाले कीट एवं रोगों की पहचान, उनकी रोकथाम और कृषि निवेश के उचित उपयोग की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के तहत तालझारी प्रखंड की तालझारी, भतभंगा एवं करणपुरा पंचायत; राजमहल प्रखंड की खुटहरी, लालमाटी, बाबूपुर एवं तीनपहाड़ पंचायत तथा साहिबगंज सदर प्रखंड की शोभनपुर, गंगा प्रसाद पूर्व, गंगा प्रसाद मध्य एवं गंगा प्रसाद पश्चिम पंचायत में किसानों को प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम में सेवानिवृत्त कृषि वैज्ञानिक परिमल कुमार सिंह, पौधा संरक्षण केंद्र के प्रभारी ओम प्रकाश पंडित तथा आत्मा के प्रखंड तकनीकी प्रबंधक नीरज कुमार सहित विभिन्न पंचायतों के मुखिया, उपमुखिया, वार्ड सदस्य, बुद्धिजीवी और किसान शामिल हुए। प्रशिक्षण के दौरान किसानों को धान सहित खरीफ एवं रबी फसलों, दलहन, तिलहन, फल-फूल और साग-सब्जियों में लगने वाले विभिन्न कीटों एवं रोगों की पहचान और उनके नियंत्रण के उपाय बताए गए। इसके साथ ही खरपतवार नियंत्रण, मिट्टी उपचार, बीजोपचार तथा जैविक खेती की उपयोगिता पर भी विस्तार से जानकारी दी गई। कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को सलाह दी कि वे कीटनाशक, फफूंदनाशक और खरपतवारनाशक दवाओं का इस्तेमाल फसल एवं रोग की आवश्यकता के अनुसार निर्धारित अनुशंसित मात्रा में ही करें। इससे फसलों को नुकसान से बचाने के साथ बेहतर उत्पादन प्राप्त करने में मदद मिल सकती है। किसानों की सुविधा के लिए विभाग की ओर से विभिन्न केंद्रों पर उपलब्धता के अनुसार कृषि दवाएं एवं अन्य कृषि निवेश प्राप्त करने की व्यवस्था की गई है। तालझारी प्रखंड के किसान प्रखंड परिसर स्थित पौधा संरक्षण केंद्र, राजमहल प्रखंड के किसान एग्रीक्लिनिक (आत्मा कार्यालय), राजमहल तथा साहिबगंज सदर प्रखंड के किसान संयुक्त जिला कृषि भवन परिसर, साक्षरता मोड़ से आगे बोरियो रोड स्थित केंद्र से संपर्क कर सकते हैं। इन केंद्रों पर उपलब्धता के अनुसार कीटनाशक, फफूंदनाशक, खरपतवारनाशक, मिट्टी उपचार के लिए डोलोमाइट, जिंक सल्फेट, बोरॉन, ट्राइकोडर्मा विरिडी जैव-फफूंदनाशक, पीएसबी, बोरैक्स, बीजोपचार सामग्री और जैविक खाद आदि प्राप्त किए जा सकते हैं। विभाग की ओर से किसानों से अपील की गई है कि कृषि दवाएं एवं अन्य सामग्री लेने के लिए आधार कार्ड, जमीन का पर्चा अथवा लगान रसीद और मोबाइल नंबर साथ लेकर संबंधित केंद्र पर पहुंचें। सामग्री प्राप्त करने से पहले उसकी उपलब्धता एवं पात्रता की जानकारी केंद्र से अवश्य सुनिश्चित कर लें।

Share This Article
Leave a Comment