संतुलित आहार, वजन नियंत्रण और सही व्यायाम से मिल सकती है राहत
गोपाल विद्यार्थी
पटना : विश्व गठिया दिवस पर सोमवार को जिले के आईजीआईएमएस में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। संस्थान के अस्थि रोग विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में निदेशक डॉ बिंदेय कुमार, डीन डॉ. ओम कुमार और चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मनीष मंडल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने गठिया के लक्षण, बचाव और उपचार के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य गठिया एवं जोड़ों से संबंधित बीमारियों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा इनके बचाव, समय पर पहचान और आधुनिक उपचार के प्रति लोगों को जागरूक करना था। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 9 बजे वार्ड ब्लॉक से मुख्य द्वार तक आयोजित जागरूकता वॉकथॉन से हुई। इसके माध्यम से लोगों को नियमित शारीरिक गतिविधि, स्वस्थ जीवनशैली तथा जोड़ों के स्वास्थ्य के महत्व का संदेश दिया गया। वहीं आईजीआईएमएस के केंद्रीय सभागार में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में अस्थि रोग विभागाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) संतोष कुमार समेत अन्य विशेषज्ञों ने गठिया, जोड़ों के स्वास्थ्य, खेलकूद के दौरान होने वाली चोटों, उनकी रोकथाम तथा समय पर उपचार के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने शारीरिक रूप से सक्रिय रहने, चोट लगने पर उचित चिकित्सकीय परामर्श लेने और आधुनिक उपचार सुविधाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया। मौके पर आयोजन अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) रितेश रुनु, प्रो. (डॉ.) मनीष कुमार, आयोजन सचिव डॉ. वसीम अहमद, डॉ. निशांत कश्यप, डॉ. इंद्रजीत कुमार और डॉ. विद्या सागर, अस्थि रोग विभाग के डॉ , अभिजीत, डॉ. चंदन, डॉ. आनंद, डॉ. आशुतोष, डॉ. राकेश, डॉ रिषभ , डॉ राज कुमार आदि मौजूद रहे । धन्यावाद ज्ञापन डॉ. विद्या सागर ने किया।


