आदित्यपुर में कचरे के स्थायी समाधान की कवायद, मीरूडीह में डिप्टी मेयर की पहल पर ग्रामीणों ने जताया विरोध

Lok Bimb
3 Min Read

सोनू कुमार सिंह

सरायकेला/आदित्यपुर : आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड नंबर 9 के मीरूडीह में प्रस्तावित ठोस कचरा प्रबंधन प्लांट को शुरू करने की दिशा में बुधवार को एक अहम पहल की गई। डिप्टी मेयर अंकुर सिंह के नेतृत्व में निगम के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों का एक दल स्थल निरीक्षण के लिए पहुंचा।बताया जा रहा है कि पूरे शहर में कचरा उठाव और उसके निस्तारण को लेकर गंभीर संकट बना हुआ है। इसी समस्या के स्थायी समाधान के लिए निगम की टीम मौके पर पहुंची थी और वहां काम शुरू कराने की कोशिश की, लेकिन स्थानीय ग्रामीणों के भारी विरोध के चलते कार्य को फिलहाल स्थगित करना पड़ा।

इस पहल के दौरान डिप्टी मेयर अंकुर सिंह के साथ वार्ड पार्षद दुर्गा चरण बेसरा, अंजू सिंह, नथुनी सिंह, सुधीर चौधरी, परितोष बेज मौजूद रहे। इसके अलावा नगर आयुक्त एजाज अनवर, कार्यपालक अभियंता पंकज झा समेत निगम के कई अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी मौके पर उपस्थित थे।

निगम की योजना के मुताबिक, वैज्ञानिक तरीके से गड्ढा खोदकर उसमें तिरपाल बिछाने के साथ-साथ डंपिंग यार्ड और बाउंड्री वॉल का निर्माण शुरू किया जाना था, ताकि शहर भर से कचरा उठाने वाले वाहनों की आवाजाही सुचारू रूप से हो सके।

मौके पर ग्रामीणों को समझाते हुए डिप्टी मेयर अंकुर सिंह ने कहा कि आदित्यपुर शहर के कचरा प्रबंधन के लिए यह जमीन सरकार ने नियमानुसार क्यूब कंपनी को आवंटित की है। अगर काम को ऐसे ही रोका गया तो सालों तक समय बर्बाद होगा और शहर की कचरा समस्या का समाधान नहीं निकल पाएगा। लोगों को यह बताना मुश्किल हो जाता है कि कचरा गाड़ियां क्यों नहीं चल रही हैं। उन्होंने कहा कि इस विरोध के पीछे राजनीति है, जबकि प्रस्तावित आधुनिक प्रोसेसिंग प्लांट में प्रदूषण नियंत्रण के सभी मानकों का पूरा ध्यान रखा जाएगा।

वहीं नगर आयुक्त एजाज अनवर ने बताया कि समस्या के समाधान के उद्देश्य से ही पूरी टीम स्थल पर पहुंची थी। ग्रामीणों से वार्ता हुई है और एक-दो दिन के अंदर वार्ड सभा या जनसुनवाई आयोजित कर सर्वसम्मति बनाने का प्रयास किया जाएगा।

बाद में विरोध बढ़ने पर मेयर संजय सरदार भी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत की। उन्होंने आश्वस्त किया कि विकास कार्यों से जुड़ी आपत्तियों को आपसी संवाद और सरकारी दस्तावेजों की जांच के आधार पर दूर किया जाएगा। फिलहाल प्रशासन ने बातचीत से समाधान निकालने का भरोसा दिलाकर माहौल को शांत कराया है।

Share This Article
Leave a Comment