आईआईटी पटना में गोल्डमैन सैक्स समिट, 300 छात्रों को मिला करियर का मंत्र

Lok Bimb
3 Min Read

फाइनेंस सेक्टर में इंजीनियरों के लिए बढ़ते अवसरों और एआई की भूमिका पर विशेषज्ञों ने की चर्चा

एआई से बदल रही वित्तीय दुनिया, करियर की संभावनाओं पर हुआ मंथन

गोपाल विद्यार्थी 

पटना :
आईआईटी पटना में इंजीनियरिंग के विद्यार्थियों को वित्तीय सेवा क्षेत्र में करियर की संभावनाओं से परिचित कराने के उद्देश्य से ‘गोल्डमैन सैक्स पॉसिबिलिटीज समिट 2026-27’ का आयोजन किया गया। संस्थान के सेंटर फॉर करियर डेवलपमेंट एंड काउंसलिंग (सीसीडीसी) की ओर से आयोजित इस सम्मेलन में विभिन्न इंजीनियरिंग शाखाओं के लगभग 300 विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में फाइनेंस, टेक्नोलॉजी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के क्षेत्र में उभरते अवसरों पर विस्तार से चर्चा हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। मौके पर गोल्डमैन सैक्स के प्रबंध निदेशक ताबिश खान, उपाध्यक्ष एवं इंजीनियरिंग बिजनेस पार्टनर राहुल हर्ष, आईआईटी पटना के सीसीडीसी चेयरपर्सन डॉ. ऋषभ सिंह, ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट ऑफिसर कृपा शंकर सिंह तथा समन्वयक अभिनंदन पोरवाल और यथार्थ गुप्ता आदि मौजूद रहे।

फाइनेंस में इंजीनियरों के लिए करियर की नई राहें

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राहुल हर्ष ने गोल्डमैन सैक्स के विभिन्न व्यावसायिक क्षेत्रों, कार्यप्रणाली और संगठन में उपलब्ध करियर अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वित्तीय सेवाओं और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में सफल करियर बनाने के लिए तकनीकी दक्षता, विश्लेषणात्मक क्षमता और व्यावहारिक कौशल महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी क्षमताओं को पहचानने और बदलते औद्योगिक परिवेश के अनुरूप खुद को तैयार करने के लिए प्रेरित किया। मुख्य सत्र में गोल्डमैन सैक्स के प्रबंध निदेशक ताबिश खान ने इंजीनियरिंग और टेक्नोलॉजी की पृष्ठभूमि वाले विद्यार्थियों के लिए वित्तीय सेवा उद्योग में उपलब्ध व्यापक अवसरों पर प्रकाश डाला। उन्होंने इस क्षेत्र में करियर बनाने के विभिन्न रास्तों और संभावनाओं की जानकारी दी। विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए संवादात्मक गतिविधियां भी आयोजित की गईं।

एआई बदल रहा फाइनेंस सेक्टर का स्वरूप

सम्मेलन में वित्तीय सेवाओं में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की बढ़ती भूमिका और इसके प्रभाव पर विशेष चर्चा हुई। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों के साथ सीधे संवाद करते हुए फाइनेंस सेक्टर से जुड़ी आम भ्रांतियों को दूर किया। साथ ही, कार्यस्थल पर विविधता एवं समावेशन के महत्व पर भी विचार साझा किए गए| विद्यार्थियों के मुताबिक सम्मेलन ने उन्हें पारंपरिक इंजीनियरिंग करियर से आगे बढ़कर वित्तीय सेवाओं और तकनीकी उद्योग के बीच विकसित हो रहे अवसरों को समझने का मंच प्रदान किया। कार्यक्रम के माध्यम से छात्रों को उद्योग विशेषज्ञों के अनुभवों से सीखने और भविष्य की करियर संभावनाओं के प्रति जागरूक होने का अवसर मिला।

Share This Article
Leave a Comment