तुलसी-लेमनग्रास की खेती को मिलेगा बढ़ावा, एसेंशियल ऑयल उत्पादन और प्रसंस्करण से खुलेंगे रोजगार के नए द्वार
कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा बोले— छोटे किसानों की आय बढ़ाने के लिए कृषि विविधीकरण जरूरी
गोपाल विद्यार्थी
पटना : बिहार में किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को अधिक लाभकारी बनाने के लिए राज्य सरकार औषधीय एवं सुगंधित पौधों की खेती को व्यापक स्तर पर बढ़ावा देने की तैयारी कर रही है। इसके तहत खेती से लेकर एसेंशियल ऑयल (आवश्यक तेल) के उत्पादन, प्रसंस्करण, गुणवत्ता जांच, पैकेजिंग, ब्रांडिंग और विपणन तक की समेकित व्यवस्था विकसित की जाएगी। इससे किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिलने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार, उद्यमिता और कृषि आधारित उद्योगों के विकास के नए अवसर पैदा होंगे। कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने बुधवार को मीठापुर स्थित कृषि भवन में औषधीय एवं सुगंधित पौधों के क्षेत्र विस्तार एवं मूल्य संवर्धन पर आयोजित कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार की कृषि-जलवायु परिस्थितियां तुलसी, लेमनग्रास और अन्य सुगंधित पौधों की खेती के लिए अनुकूल हैं। वैज्ञानिक पद्धति और बाजार की मांग के अनुरूप इनकी खेती किसानों की आमदनी बढ़ाने का प्रभावी माध्यम बन सकती है।उन्होंने कहा कि बिहार में लगभग 94 से 96 प्रतिशत किसान छोटे और सीमांत श्रेणी के हैं। ऐसे में सीमित भूमि से अधिक आमदनी प्राप्त करने के लिए पारंपरिक खेती के साथ वैकल्पिक और लाभकारी फसलों को अपनाना जरूरी है। औषधीय एवं सुगंधित पौधों की खेती कृषि विविधीकरण को गति देने के साथ किसानों को आय के नए स्रोत उपलब्ध करा सकती है।
उत्पादन ही नहीं, प्रसंस्करण और विपणन से भी जुड़ेंगे किसान
कृषि मंत्री ने कहा कि औषधीय खेती को लाभकारी बनाने के लिए केवल उत्पादन बढ़ाना पर्याप्त नहीं है। किसानों को उपज के प्रसंस्करण, एसेंशियल ऑयल के आसवन, गुणवत्ता परीक्षण, मानकीकरण, पैकेजिंग, ब्रांडिंग और विपणन की प्रक्रिया से भी जोड़ना होगा। इससे कृषि उत्पादों का मूल्य संवर्धन होगा और किसानों को अंतिम उत्पाद से होने वाले आर्थिक लाभ में अधिक भागीदारी मिल सकेगी। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण रोपण सामग्री, उन्नत किस्मों, वैज्ञानिक तकनीकों तथा उत्पादन क्षेत्रों के आसपास आसवन एवं प्रसंस्करण इकाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही, उत्पादों की गुणवत्ता प्रमाणित करने के लिए प्रयोगशालाओं, मानकों और बाजार संपर्क को मजबूत करने की आवश्यकता बताई।
बिचौलियों की भूमिका कम करने और उद्योग से सीधा जुड़ाव पर जोर
कार्यशाला में उद्यान निदेशक अभिषेक कुमार ने कहा कि बिहार में औषधीय एवं सुगंधित पौधों तथा उनसे बनने वाले तेल के उत्पादन की व्यापक संभावनाएं हैं, लेकिन किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है। किसानों और उद्योगों के बीच बिचौलियों की कई कड़ियां होने के कारण उन्हें बाजार की वास्तविक मांग, गुणवत्ता मानकों और उत्पादों की उपयोगिता से संबंधित पर्याप्त जानकारी नहीं मिलती। उन्होंने कहा कि एसेंशियल ऑयल एसोसिएशन ऑफ इंडिया के प्रतिनिधियों के साथ संवाद से किसानों को उद्योग की आवश्यकताओं, गुणवत्ता मानकों और बाजार की संभावनाओं को समझने में मदद मिलेगी। इससे गुणवत्तापूर्ण पौध सामग्री, तकनीकी प्रशिक्षण और निर्यात संबंधी जानकारी तक उनकी पहुंच भी बेहतर हो सकेगी।
जिलावार उत्पादन क्लस्टर विकसित करने की तैयारी
कार्यशाला में प्राप्त सुझावों के आधार पर उपयुक्त औषधीय एवं सुगंधित फसलों की पहचान, जिलावार उत्पादन क्लस्टरों के विकास, किसानों के प्रशिक्षण और प्रसंस्करण सुविधाओं के विस्तार की रणनीति तैयार की जाएगी। इसका उद्देश्य खेती, उद्योग और बाजार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है, ताकि किसानों को उत्पादन के साथ-साथ मूल्य संवर्धन और विपणन का भी लाभ मिल सके। कार्यशाला में कृषि विभाग के विशेष सचिव डॉ. बीरेंद्र प्रसाद यादव, एसेंशियल ऑयल एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष एवं महासचिव, विभागीय वरिष्ठ पदाधिकारी, सभी जिलों के उद्यान पदाधिकारी और औषधीय एवं सुगंधित पौधों की खेती करने वाले किसान शामिल हुए। प्रत्येक जिले से तीन किसानों को आमंत्रित किया गया था। डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, बिहार कृषि विश्वविद्यालय तथा इस्लामपुर स्थित औषधीय एवं सुगंधित पौधों से संबंधित अखिल भारतीय समन्वित अनुसंधान परियोजना के कृषि वैज्ञानिकों ने भी भाग लिया।


