शिक्षा और उद्योग जगत के बीच बनेगा संवाद का मंच, छात्रों, अभिभावकों और कारोबारियों को मिलेगा उत्पादों एवं सेवाओं से रूबरू होने का अवसर
गोपाल विद्यार्थी
पटना : जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल, पटना परिसर में आगामी 5 एवं 6 दिसंबर को दो दिवसीय औद्योगिक एक्सपो-2026 का आयोजन किया जाएगा। प्रतिदिन सुबह 10:30 बजे से शाम 6:30 बजे तक आयोजित होने वाले इस एक्सपो का उद्देश्य स्कूली शिक्षा को वास्तविक व्यावसायिक दुनिया से जोड़ना तथा विद्यार्थियों को उद्योग, व्यापार और उद्यमिता की व्यावहारिक जानकारी उपलब्ध कराना है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) की अवधारणा के अनुरूप आयोजित इस एक्सपो में जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों के साथ पटना के आसपास के अन्य विद्यालयों के प्रतिनिधियों और विभिन्न व्यवसायों से जुड़े लोगों की भागीदारी होगी। कार्यक्रम के माध्यम से विभिन्न कंपनियों और व्यावसायिक संस्थानों को अपने उत्पादों एवं सेवाओं के प्रदर्शन का अवसर मिलेगा। इसमें कंपनियां लाइव डेमो, उत्पाद प्रदर्शनी और उपभोक्ताओं से सीधे संवाद के जरिए अपने ब्रांड को बढ़ावा दे सकेंगी। साथ ही, व्यवसायियों को संभावित ग्राहकों और अन्य उद्यमियों से जुड़ने का अवसर भी मिलेगा। एक्सपो के प्रचार-प्रसार एवं प्रबंधन की जिम्मेदारी शिवांता एंटरटेनमेंट एंड प्रोडक्शंस प्राइवेट लिमिटेड को सौंपी गई है। आयोजन में भाग लेने के इच्छुक ब्रांड और व्यावसायिक संस्थानों के लिए तीन मीटर गुणा तीन मीटर के स्टॉल तथा विभिन्न प्रायोजन योजनाओं की व्यवस्था की गई है। स्टॉल और प्रायोजन की सीमित उपलब्धता के कारण आवंटन पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर किया जाएगा। विद्यालय के प्राचार्य मधुकर झा ने विभिन्न ब्रांडों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से इस आयोजन में सहभागी बनने की अपील की है। इच्छुक संस्थान मोबाइल नंबर 9334068764, 9905610665, 7781004160 एवं 9334938777 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा ई-मेल events.gdgpspatna@gmail.com के माध्यम से भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।


