गुमला : गुमला जिले के सिसई थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़े आपराधिक षड्यंत्र को नाकाम करते हुए हथियारों के जखीरे के साथ एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान एक लाल रंग की वागन-आर कार से एके-56 राइफल, देसी कार्बाइन और भारी मात्रा में जिंदा गोलियां बरामद की हैं। इस कार्रवाई से इलाके में सनसनी फैल गई है, वहीं अंधेरे का फायदा उठाकर तीन से चार अन्य आरोपी फरार होने में सफल रहे।
पुलिस को 27 अक्टूबर 2026 की रात को गुप्त सूचना मिली थी कि भरनो थाना क्षेत्र के लेकटो टोली निवासी राजेंद्र यादव अपने साथियों के साथ सिसई थाना क्षेत्र के आसपास किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा है। सूचना मिलते ही गुमला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।
रात करीब 10:45 बजे पुलिस टीम लेकटो टोली गांव के पास पहुंची, जहां एक लाल रंग की वागन-आर कार (नंबर JH01AA-9378) खड़ी थी, जिसमें चार-पांच लोग सवार थे। पुलिस को देखते ही अपराधियों में भगदड़ मच गई और वे गाड़ी छोड़कर पास की झाड़ियों तथा अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गए।
पुलिस ने जब लावारिस छोड़ी गई कार की तलाशी ली, तो वहां से एक देसी कार्बाइन, एक एके-56 राइफल और दो मैगजीन, 7.62 एमएम की 34 गोलियां, 9 एमएम राइफल की 2 जिंदा गोलियां, एक लोहे-लकड़ी का धारदार फरसा, दो मोबाइल फोन और दुर्गा पूजा चंदा पर्ची बरामद हुई।
अगले दिन 28 अक्टूबर को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी राजेंद्र यादव को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने और भी हथियार व गोलियां बरामद कीं। मामले में पुलिस ने रोहित कुमार शर्मा (ग्राम छारदा, सिसई) सहित दो-तीन अन्य अज्ञात लोगों को भी संदिग्ध के तौर पर शामिल किया है, जिनकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
इस सफल अभियान में एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव, अंचल निरीक्षक विनय कुमार, भरनो थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह, सिसई थाना प्रभारी नीरज कुमार समेत अन्य पुलिस बल के जवान शामिल रहे।


