साहिबगंज में अवैध हथियारों के साथ एक गिरफ्तार, पांच हथियार और गोली बरामद

Lok Bimb
3 Min Read

मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के महादेवगंज मुस्लिम टोला में पुलिस की छापेमारी, हथियारों की खरीद-बिक्री से जुड़े नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

फातेह आलम तालझारी

साहिबगंज : साहिबगंज जिला पुलिस ने अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के महादेवगंज मुस्लिम टोला से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मो. राजा, पिता शेख रफिक, निवासी महादेवगंज मुस्लिम टोला के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके घर से पांच अवैध हथियार, एक जिंदा गोली और एक खोखा बरामद किया है। इस संबंध में मुफ्फसिल थाना में आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 29 अक्टूबर 2026 की रात करीब एक बजे पुलिस अधीक्षक, साहिबगंज को गुप्त सूचना मिली थी कि महादेवगंज मुस्लिम टोला निवासी मो. राजा अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री में संलिप्त है। सूचना के आधार पर मुफ्फसिल थाना प्रभारी के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम ने आरोपी के घर पर छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पांच अवैध हथियार और गोली बरामद

छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के घर से चार देशी कट्टे और एक देशी बंदूक बरामद की। इसके अलावा एक जिंदा गोली, जिसके पेंदे पर ‘8 MM KF’ अंकित है, तथा एक खोखा भी जब्त किया गया। पुलिस ने बरामद हथियारों को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

गोड्डा के व्यक्ति से हथियार खरीदने की बात

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी ने बताया कि वह मिहिर महतो, निवासी खुरपीट चपरी, थाना ठाकुरगंगटी, जिला गोड्डा से हथियार खरीदकर लाता था। पुलिस अब इस मामले में हथियारों की खरीद-बिक्री से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। इस मामले में मुफ्फसिल थाना कांड संख्या 129/26, दिनांक 29 अक्टूबर 2026 के तहत धारा 25(1-B)a/26/35 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

छापेमारी दल में ये थे शामिल

छापेमारी दल में पुलिस निरीक्षक अमित कुमार गुप्ता (नगर प्रभाग, साहिबगंज), मुफ्फसिल थाना प्रभारी पुलिस अवर निरीक्षक अनिश कुमार पाण्डेय, पुलिस अवर निरीक्षक विक्रम कुमार, सहायक अवर निरीक्षक रविन्द्र कुमार सिंह एवं केशव मालाकार तथा आरक्षी 517 मिथिलेश कुमार और आरक्षी 184 रामस्वरूप प्रसाद शामिल थे।

Share This Article
Leave a Comment