फातेह आलम तालझारी
साहिबगंज : जिले के छात्र-छात्राओं को आधार संबंधी सेवाएं आसानी से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न प्रखंडों के विद्यालयों में विशेष आधार शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर 21 अक्टूबर से 31 दिसंबर 2026 तक निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संचालित होगा। इसके माध्यम से विद्यार्थियों के आधार कार्ड में दर्ज त्रुटियों का सुधार करने के साथ पात्र छात्र-छात्राओं का नया आधार पंजीकरण भी किया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को जिले के विभिन्न विद्यालयों में आधार शिविर लगाकर छात्र-छात्राओं को आधार से संबंधित आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। इनमें होली फैमिली स्कूल बरहरवा, पीएम श्री कस्तूरबा गांधी कन्या बालिका विद्यालय बोरियो, आदिवासी हाई स्कूल मंगरुटिकर, मध्य विद्यालय बच्चा, पीएम श्री कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय पतना, उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय नया टोला बिशनपुर, उत्क्रमित मध्य विद्यालय डकैत टोला, उत्क्रमित प्लस टू उच्च विद्यालय कोदर्जन्ना तथा उत्क्रमित मध्य विद्यालय भानु टोला सहित अन्य विद्यालय शामिल हैं।
आधार की त्रुटियों में किया जा रहा सुधार
शिविर में विद्यार्थियों के आधार कार्ड में दर्ज नाम, जन्मतिथि, पता एवं अन्य आवश्यक विवरणों में त्रुटियों को दूर करने की सुविधा दी जा रही है। इसके अलावा पात्र विद्यार्थियों के नए आधार कार्ड के लिए पंजीकरण की प्रक्रिया भी पूरी की जा रही है। विद्यालय परिसर में ही यह सुविधा मिलने से विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को काफी सहूलियत हो रही है। अब उन्हें आधार संबंधी कार्यों के लिए दूर स्थित आधार केंद्रों का चक्कर लगाने की जरूरत कम पड़ रही है।
विद्यार्थियों और अभिभावकों से शिविर का लाभ उठाने की अपील
इस संबंध में परियोजना पदाधिकारी, यूआईडी संदीप कुमार ने बताया कि जिले के विभिन्न विद्यालयों में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विशेष आधार शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसका मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के आधार संबंधी मामलों का समयबद्ध तरीके से निराकरण करना तथा उन्हें आवश्यक सेवाएं सहज और सुगम रूप से उपलब्ध कराना है।
उन्होंने छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों से अपील की कि वे निर्धारित तिथि के अनुसार संबंधित विद्यालयों में आयोजित आधार शिविर में पहुंचकर इस सुविधा का लाभ उठाएं। साथ ही आधार कार्ड में किसी प्रकार की त्रुटि होने या पंजीकरण की प्रक्रिया लंबित रहने पर आवश्यकतानुसार उसका निराकरण कराएं।


