सड़क हादसे के घायलों को एम्स पटना में मिलेगा डेढ़ लाख तक का कैशलेस इलाज

Lok Bimb
2 Min Read

पीएम-राहत योजना शुरू, दुर्घटना के बाद सात दिनों तक मिलेगी उपचार की सुविधा

पैसे की कमी से नहीं रुकेगा इलाज, आपातकालीन सहायता के लिए 112 पर करें कॉल

गोपाल विद्यार्थी 

पटना :
सड़क दुर्घटना में घायल लोगों को समय पर बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के लिए एम्स पटना में गुरुवार से प्रधानमंत्री सड़क दुर्घटना पीड़ित अस्पताल में भर्ती एवं सुनिश्चित उपचार योजना (पीएम-राहत) शुरू की गई। इस योजना के तहत पात्र मरीजों को दुर्घटना की तारीख से अधिकतम सात दिनों तक 1.5 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज उपलब्ध कराया जाएगा। इसका उद्देश्य आर्थिक तंगी के कारण घायलों के उपचार में देरी रोकना और उन्हें तत्काल चिकित्सा सुविधा मुहैया कराना है। एम्स पटना के ट्रॉमा एवं इमरजेंसी विभाग की योजना के क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका होगी। इसके लिए अस्पताल प्रशासन, संबंधित चिकित्सा विभागों और अधिकारियों के बीच समन्वय स्थापित किया जाएगा। पात्र मरीजों के सत्यापन और आवश्यक औपचारिकताओं को पूरा कर निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार उपचार की सुविधा दी जाएगी। संस्थान के कार्यकारी निदेशक एवं सीईओ प्रो. (ब्रिगेडियर) डॉ. राजू अग्रवाल ने कहा कि एम्स पटना मरीजों को समय पर और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। इस योजना से बिहार और आसपास के क्षेत्रों के सड़क दुर्घटना पीड़ितों को आपातकालीन उपचार प्राप्त करने में मदद मिलेगी।चिकित्सा अधीक्षक प्रो. डॉ. प्रशांत कुमार सिंह ने योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया। वहीं, ट्रॉमा एवं इमरजेंसी विभागाध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार ने घायलों की स्थिति का तत्काल आकलन कर आवश्यकतानुसार विशेषज्ञ उपचार उपलब्ध कराने की आवश्यकता बताई। एम्स पटना में योजना के नोडल अधिकारी डॉ. सुजीत कुमार सिन्हा (उप चिकित्सा अधीक्षक) इसके क्रियान्वयन से संबंधित कार्यों का समन्वय करेंगे। सड़क दुर्घटना की स्थिति में सहायता के लिए आम नागरिक राष्ट्रीय आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112 पर संपर्क कर सकते हैं।

Share This Article
Leave a Comment