राजीव प्रताप रूडी की त्वरित पहल से कुतुबपुर दियारा में गंगा कटावरोधी कार्य शुरू, स्थायी समाधान के लिए उपमुख्यमंत्री से की बात

Lok Bimb
4 Min Read


पटना ।
सारण जिले के छपरा सदर प्रखंड अंतर्गत कोटवा पट्टी रामपुर पंचायत के कुतुबपुर दियारा, दयालचक, सबलपुर, सूरतपुर एवं आसपास के गांवों में गंगा नदी के भीषण कटाव से गंभीर स्थिति उत्पन्न हो गई है। नदी के कटाव के कारण ग्रामीणों के घरों और कृषि भूमि के गंगा में समा जाने का खतरा बढ़ गया है, जिससे स्थानीय निवासियों में भय और चिंता का माहौल है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी ने त्वरित पहल करते हुए जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को तत्काल कटावरोधी कार्य शुरू कराने का निर्देश दिया, जिसके परिणामस्वरूप लगभग एक घंटे के भीतर बचाव कार्य प्रारंभ हो गया। सुबह – सुबह स्थानीय ग्रामीणों हरेश सिंह, भुअर सिंह, बबलू सिंह, लोकनाथ सिंह, बीडीओ सिंह, विनोद सिंह और भाजपा नेता राकेश कुमार सिंह आदी ने सांसद कंट्रोल रूम को सूचना दी और तत्पश्चात इस गंभीर समस्या से सांसद को अवगत कराया था। ग्रामीणों की चिंताओं और संभावित नुकसान की गंभीरता को समझते हुए सांसद ने तत्काल जल संसाधन विभाग के सदर एसडीओ नितेश कुमार, जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियन्ता राजेश रंजन, सहायक अभियन्ता धर्मेन्द्र कुमार, कनीय अभियन्ता विश्वजीत कुमार से दूरभाष पर बात की और प्रभावित क्षेत्रों में अविलंब कटावरोधी कार्य शुरू कराने का निर्देश दिया। सांसद की त्वरित पहल से कार्य शुरू होने पर ग्रामीणों को तत्काल राहत की उम्मीद जगी है।
कटावरोधी कार्य प्रारंभ होने के बाद सांसद राजीव प्रताप रूडी ने बिहार के उपमुख्यमंत्री सह जल संसाधन विभाग के मंत्री विजय कुमार चौधरी से दूरभाष पर बातचीत कर इस समस्या के स्थायी समाधान की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने मंत्री को इस संबंध में पत्र लिखकर प्रभावित क्षेत्रों की गंभीर स्थिति से अवगत कराया और अविलंब स्थल निरीक्षण कराने के साथ प्रभावी एवं स्थायी बचाव कार्य शुरू कराने का आग्रह किया।सांसद ने कहा कि गंगा नदी का कटाव केवल भूमि के क्षरण का विषय नहीं है, बल्कि इससे ग्रामीणों के आवास, कृषि भूमि, आजीविका और सुरक्षा पर सीधा संकट उत्पन्न हो गया है। ऐसे में प्रभावित क्षेत्रों में त्वरित कार्रवाई के साथ-साथ दीर्घकालिक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करना आवश्यक है, ताकि ग्रामीणों को भविष्य में इस तरह के संकट का सामना न करना पड़े।
उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख किया कि कुतुबपुर दियारा भोजपुरी भाषा, साहित्य, रंगमंच और लोकसंस्कृति को गौरव प्रदान करने वाले महान लोककलाकार स्व. भिखारी ठाकुर की जन्मभूमि है, जिन्हें भोजपुरी का शेक्सपियर कहा जाता है। ऐसे ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्त्व वाले गांव और आसपास के क्षेत्रों को गंगा के कटाव से सुरक्षित रखना अत्यंत आवश्यक है।सांसद राजीव प्रताप रूडी ने जल संसाधन मंत्री से आग्रह किया कि इस गंभीर समस्या को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाएं, ताकि कटाव की रोकथाम के लिए प्रभावी बचाव कार्य सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि तात्कालिक राहत के साथ स्थायी समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाना आवश्यक है, जिससे ग्रामीणों के घर, जमीन, आजीविका और क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत सुरक्षित रह सके।

Share This Article
Leave a Comment