दो साल से लंबित राजस्व मामलों का प्राथमिकता से होगा निष्पादन

Lok Bimb
2 Min Read

डीसीएलआर को जय सिंह का निर्देश, सभी राजस्व न्यायालयों में डिजिटल सुनवाई अनिवार्य

गोपाल विद्यार्थी 

पटना :
बिहार में दो साल से अधिक समय से लंबित राजस्व मामलों का अब प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन किया जाएगा। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के सचिव जय सिंह ने शुक्रवार को राज्य के सभी भूमि सुधार उप समाहर्ताओं (डीसीएलआर) को इस संबंध में निर्देश दिया। उन्होंने राजस्व न्यायालयों में लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करने और उनका समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा। शास्त्रीनगर स्थित राजस्व (सर्वे) प्रशिक्षण संस्थान में आयोजित समीक्षा बैठक में विभागीय कार्यों की दो पालियों में समीक्षा की गई। अधिकारियों को राजस्व न्यायालय प्रबंधन प्रणाली (आरसीएमएस) के तहत सभी राजस्व न्यायालयों में डिजिटल माध्यम से सुनवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। विभाग ने स्पष्ट किया कि न्यायालयों की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाना प्राथमिकता है।

दाखिल-खारिज और भूमि अभिलेखों के मामलों में तेजी लाने का निर्देश

बैठक में सचिव सीमा त्रिपाठी ने डिजिटल सुनवाई की व्यवस्था प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया। अतिक्रमण, दाखिल-खारिज अपील और बिहार भूमि विवाद निराकरण अधिनियम के तहत लंबित मामलों की समीक्षा कर उनके त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया गया। परिमार्जन प्लस के लंबित आवेदनों, डिजिटाइज्ड जमाबंदी और छूटी हुई जमाबंदी से जुड़े मामलों को भी प्राथमिकता से निपटाने को कहा गया।

30 हजार भूमिहीन परिवारों को जमीन देने का लक्ष्य

समीक्षा बैठक में अभियान बसेरा के तहत 30 हजार भूमिहीन परिवारों को जमीन उपलब्ध कराने के लक्ष्य पर भी चर्चा हुई। जय सिंह ने अधिकारियों को अपने नेतृत्व में इस लक्ष्य को पूरा करने का निर्देश दिया। इसके अलावा सरकारी भूमि के सत्यापन, सरकारी जमीन की जमाबंदी, राजस्व महा-अभियान, ई-मापी सेवा और ऑनलाइन राजस्व सेवाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। विभाग ने अधिकारियों को लोक शिकायतों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने तथा लंबित मामलों की नियमित निगरानी करने को कहा। बैठक का संचालन अपर सचिव अमित कुमार पांडेय ने किया। इसमें विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a Comment