अनमोल होटल से लेकर बिरयानी प्रतिष्ठानों तक जांच, एक्सपायर्ड सामग्री नष्ट; कई जगह किचन बंद रखने का निर्देश
गोपाल विद्यार्थी
पटना : लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य संरक्षा विभाग ने पटना और मुजफ्फरपुर में खाद्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ व्यापक जांच अभियान चलाया। शुक्रवार को हुई कार्रवाई के दौरान कई रेस्टोरेंट में खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन, अस्वच्छ किचन, एक्सपायर्ड सामग्री और आवश्यक दस्तावेजों की कमी सामने आई। विभाग की टीम ने खराब एवं असुरक्षित खाद्य सामग्री जब्त कर नष्ट कराई, जबकि कई प्रतिष्ठानों को सुधार के निर्देश दिए गए।
अनमोल होटल से पनीर-चिकन जब्त, सात दिनों का नोटिस
पटना के बुद्ध मार्ग स्थित मेसर्स अनमोल होटल में निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई की कमी और खाद्य सुरक्षा मानकों में अनियमितताएं पाई गईं। विभाग ने पनीर, चिकन, ग्रेवी, मशरूम और अन्य खाद्य सामग्री जब्त कर नष्ट कराई। विभागीय रिपोर्ट के अनुसार, जब्त सामग्री का कुल मूल्य 36,650 रुपये था। पनीर और चिकन के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र, पेस्ट कंट्रोल रिपोर्ट और वाटर टेस्टिंग रिपोर्ट उपलब्ध नहीं होने पर प्रतिष्ठान को सात दिनों का सुधार नोटिस जारी किया गया। बिहार म्यूजियम के सामने बेली रोड स्थित मटन महल से सरसों तेल का नमूना लिया गया। प्रतिष्ठान को खाद्य अनुज्ञप्ति से संबंधित औपचारिकताएं पूरी करने तथा सात दिनों के भीतर आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
कई बिरयानी प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई
आशियाना-दीघा रोड स्थित बिरयानी महल से हाफ बॉयल्ड चिकन, वेज आइटम और उबला मटन जब्त कर नष्ट किया गया। जब्त सामग्री का मूल्य करीब 3,150 रुपये बताया गया। एसके पुरी स्थित बिरयानी बूल्ज में शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थ एक साथ रखे मिले। आवश्यक दस्तावेजों की कमी भी पाई गई। टीम ने कच्चे बासमती चावल का नमूना लिया। वहीं, एसके पुरी के बोरिंग रोड स्थित बिरयानी महल से चिकन मसाला और कच्चे मटन के नमूने जांच के लिए भेजे गए। फ्रेजर रोड स्थित द बिरयानी मॉल में एक्सपायर्ड दूध, चीज और डेयरी क्रीम समेत अन्य सामग्री जब्त कर नष्ट की गई। खाद्य सुरक्षा मानकों में गंभीर कमियां मिलने पर किचन तीन दिनों तक बंद रखने का निर्देश दिया गया। बोरिंग कैनाल रोड स्थित कोलकाता बिरयानी महल में अस्वच्छ किचन मिलने पर दो दिनों तक किचन बंद रखने का आदेश दिया गया।
अन्य प्रतिष्ठानों की भी हुई जांच
वेस्ट बोरिंग कैनाल रोड स्थित टेस्टी ट्रीट रेस्टोरेंट एंड कैफे से सड़ी-गली खाद्य सामग्री जब्त कर नष्ट की गई। इसमें चिकन, पकी हुई मछली, पीली दाल और ग्रेवी शामिल थीं। जब्त सामग्री का मूल्य करीब एक हजार रुपये था।आशियाना नगर स्थित बिग बास्केट में खाद्य एवं गैर-खाद्य सामग्री एक साथ रखी मिली। इसके अलावा खाद्य सामग्री के भंडारण से जुड़े निर्धारित नियमों का पालन नहीं होने और आवश्यक प्रमाणपत्र उपलब्ध नहीं होने पर विभाग ने सरसों तेल, पिस्ता-बादाम, चीनी और मिक्स दाल के नमूने लिए। मुजफ्फरपुर के शर्फुद्दीनपुर चौक स्थित एआर बेकरी में भी कार्रवाई की गई। यहां भुजिया और विभिन्न ब्रांडों के कोल्ड ड्रिंक समेत खाद्य एवं पेय पदार्थों से संबंधित अनियमितताएं मिलने पर सामग्री जब्त कर नष्ट कराई गई। इसकी कीमत करीब 2,100 रुपये बताई गई।


