खेत बचेंगे, तभी जीवन बचेगा, मिट्टी की सेहत सुधारना जरूरी : विजय सिन्हा

Lok Bimb
2 Min Read

बिहार के 534 प्रखंडों में चलेगा जागरूकता अभियान, 16 लाख किसानों तक पहुंचने का लक्ष्य

गोपाल विद्यार्थी 

पटना : खेतों की उर्वरता और मिट्टी के संरक्षण को जन-आंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से शुक्रवार को पटना के ज्ञान भवन में ‘खेत बचाओ अभियान-सह-कृषि जन कल्याण संवाद’ का आयोजन किया गया। कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि खेतों और मिट्टी का संरक्षण टिकाऊ खेती तथा किसानों की समृद्धि के लिए जरूरी है। अभियान के तहत प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने, रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता घटाने और मिट्टी की गुणवत्ता सुधारने पर जोर दिया जा रहा है। कृषि मंत्री ने बताया कि रबी मौसम 2026-27 में अभियान को बिहार के सभी 534 प्रखंडों तक पहुंचाया जाएगा। प्रत्येक प्रखंड की कम से कम दो पंचायतों में जागरूकता शिविर लगाकर 15 से 16 लाख किसानों तक पहुंचने का लक्ष्य है। खरीफ मौसम में आयोजित 7,275 किसान बैठकों में 6.19 लाख से अधिक किसानों ने भाग लिया, जिनमें 2.12 लाख से अधिक महिला किसान शामिल थीं। उन्होंने कहा कि मिट्टी संरक्षण के प्रति नई पीढ़ी को जागरूक करने के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 में राज्य के 38 जिलों के 629 पीएम श्री एवं राजकीय विद्यालयों में मिनी मिट्टी जांच प्रयोगशालाएं स्थापित की जाएंगी। वहीं, बीज वितरण में अनियमितता, उर्वरकों की कालाबाजारी, जमाखोरी और निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। भारत सरकार के आह्वान पर 22 अक्टूबर से शुरू हुआ यह अभियान बिहार में 30 नवंबर तक चलेगा। कार्यक्रम में बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार, लघु जल संसाधन मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन और कृषि विभाग के प्रधान सचिव नर्मदेश्वर लाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a Comment