शैलेश सिंह
चतरा : पत्थलगड़ा प्रखंड के दुंबी गांव में शुक्रवार को दिवंगत पत्रकार चंदन तिवारी के आवास पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम चतरा प्रेस क्लब एवं बीएसपीएस की झारखंड जर्नलिस्ट एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ। इस अवसर पर जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे पत्रकारों ने नम आंखों से उन्हें याद किया और उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में उनके पिता रघुवीर तिवारी, माता एवं भाई कुंदन तिवारी सहित बीएसपीएस की झारखंड जर्नलिस्ट एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष महेंद्र कुमार यादव और चतरा प्रेस क्लब के सचिव मोहम्मद मोकिम अंसारी समेत कई पत्रकार शामिल हुए। श्रद्धांजलि सभा शुरू होने से पूर्व चतरा प्रेस क्लब एवं झारखंड जर्नलिस्ट एसोसिएशन के पदाधिकारियों और उपस्थित पत्रकारों ने संयुक्त रूप से दिवंगत चंदन तिवारी के पिता रघुवीर तिवारी एवं उनकी माता को शॉल भेंटकर सम्मानित किया। इस दौरान पत्रकारों ने परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए हर परिस्थिति में उनके साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया। 30 अक्टूबर 2018 को चंदन तिवारी की हत्या कर दी गई थी। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल व्याप्त हो गया था। घटना के बाद उनके परिजनों को सरकारी नौकरी का लाभ दिलाने के लिए लगातार पहल की गई। अंततः यह प्रयास सफल हुआ और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी प्राप्त हुई। वर्तमान में परिवार अपने बच्चों के साथ जीवनयापन कर रहा है।
शुक्रवार को दोपहर करीब 12 बजे आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित पत्रकारों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इसके बाद उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान पत्रकारों ने चंदन तिवारी से जुड़ी यादों और उनके साथ बिताए पलों को भी साझा किया। श्रद्धांजलि सभा में पत्रकारों के हित, सम्मान और संगठन की मजबूती को लेकर भी गंभीर चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्य करने वाले प्रत्येक व्यक्ति को एक-दूसरे के सुख-दुख में मजबूती से खड़ा होना चाहिए। किसी भी पत्रकार के सामने व्यक्तिगत, सामाजिक या कार्यक्षेत्र से जुड़ी समस्या आने पर सभी को एकजुट होकर उसका सहयोग करना चाहिए। वक्ताओं ने जिले के प्रत्येक प्रखंड में मजबूत पत्रकार समिति गठित करने, आपसी समन्वय बढ़ाने तथा वरिष्ठ और कनिष्ठ सभी पत्रकारों को समान सम्मान देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की एकता ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। आपसी मतभेदों को भुलाकर पत्रकार हित, सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों के लिए सामूहिक रूप से आवाज उठाने की जरूरत है। एक मजबूत संगठन के माध्यम से ही पत्रकारों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाया जा सकता है। इस अवसर पर पूर्व सांसद प्रतिनिधि अमित तिवारी के अलावा चतरा प्रेस क्लब एवं झारखंड जर्नलिस्ट एसोसिएशन से जुड़े पत्रकार अरविंद ठाकुर, संजय राणा, मोहम्मद अरबाज, धर्मेंद्र ठाकुर, मृत्युंजय कुमार, सुनील दांगी, कैलाश कुमार, मनीष सिंह, प्रमोद राणा, श्रीकांत राणा, दीपक राज, सुजेक सिन्हा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थें। कार्यक्रम का समापन दिवंगत चंदन तिवारी को श्रद्धांजलि अर्पित करने तथा पत्रकारों के बीच एकता, सहयोग और परस्पर सम्मान की भावना को मजबूत बनाए रखने के संकल्प के साथ हुआ।


