कार्बन फाइनेंस, टिकाऊ कृषि, भूमि पुनर्स्थापन और ग्रामीण आजीविका को मजबूत बनाने पर विशेषज्ञों ने दिया जोर
रांची: झारखंड सरकार के वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की ओर से रांची स्थित होटल चाणक्य बीएनआर में “जलवायु अनुकूल झारखंड के लिए कार्बन मार्केट का उपयोग” विषय पर हितधारक कार्यशाला आयोजित की गई।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख संजीव कुमार ने कार्बन ट्रेडिंग को पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय आजीविका को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। उन्होंने उद्योग, खनन और ऊर्जा सहित सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया।
ISRO के आंकड़ों का उल्लेख करते हुए उन्होंने झारखंड में लगभग 69 प्रतिशत भूमि के क्षरण की चुनौती को रेखांकित किया। उन्होंने जल संरक्षण, वृक्षारोपण, भूमि पुनर्स्थापन और बायोगैस जैसी गतिविधियों को बढ़ावा देने की आवश्यकता बताई।
पीसीसीएफ एवं चीफ वाइल्डलाइफ वार्डन रवि रंजन ने सामुदायिक आजीविका को प्राथमिकता देने तथा वैज्ञानिक एवं प्रमाण-आधारित आंकड़ों के आधार पर कार्बन परियोजनाएं विकसित करने पर जोर दिया।
नाबार्ड के उप महाप्रबंधक राकेश सिन्हा ने नाबार्ड की योजनाओं और वित्तीय सहयोग के माध्यम से किसानों एवं ग्रामीण समुदायों तक कार्बन फाइनेंस पहुंचाने की संभावनाओं पर प्रकाश डाला। पूर्व पीसीसीएफ डॉ. एच.एस. गुप्ता ने कार्बन मार्केट को पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण आजीविका के लिए महत्वपूर्ण बताया। वहीं, पीसीसीएफ (वेटलैंड) ए.टी. मिश्रा ने आर्द्रभूमि संरक्षण और जैव विविधता संवर्धन में इसकी भूमिका को रेखांकित किया।
क्लाइमटेक्स के निदेशक विजय ने कहा कि कार्यशाला का उद्देश्य राज्य में जलवायु अनुकूल कृषि, कृषि वानिकी और ग्रामीण आजीविका को बढ़ावा देने के लिए कार्बन फाइनेंस की संभावनाओं पर विचार-विमर्श करना था।
कार्यक्रम में स्वागत भाषण वन प्रमंडल पदाधिकारी (डीएफओ) अनुराधा मिश्रा ने दिया।
कार्यशाला में विभिन्न सरकारी विभागों, वित्तीय संस्थानों, जलवायु विशेषज्ञों, विकास संगठनों और निजी क्षेत्र के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इनमें नाबार्ड, बिरसा कृषि विश्वविद्यालय, जीआईजेड (GIZ), क्लाइमेट पॉलिसी इनिशिएटिव (CPI), झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS), प्रदान (PRADAN), सोशल अल्फा, हिंडाल्को, सिंजेंटा फाउंडेशन और एक्साइट-एक्सएलआरआई-नाबार्ड इन्क्यूबेशन सेंटर के प्रतिनिधि शामिल थे। इसके अलावा विकास और जलवायु वित्त से जुड़ी कई अन्य संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया।
चर्चा के दौरान झारखंड की जलवायु संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए कृषि वानिकी, भूमि पुनर्स्थापन और ग्रामीण विकास योजनाओं के माध्यम से कार्बन फाइनेंस जुटाने की संभावनाओं पर विचार किया गया। साथ ही किसानों और जनजातीय समुदायों की आजीविका को सुदृढ़ करने के उपायों पर भी चर्चा हुई।
कार्यशाला में क्लाइमटेक्स की ओर से विभाग के लिए किए गए व्यवहार्यता अध्ययन के निष्कर्ष प्रस्तुत किए गए। इसके साथ ही उपग्रह चित्रों और वैज्ञानिक मॉडलों की मदद से जैवभार एवं मृदा कार्बन भंडार का आकलन करने वाले डिजिटल मापन, रिपोर्टिंग एवं सत्यापन (dMRV) उपकरण का प्रदर्शन किया गया।
इस अवसर पर झारखंड के लिए तैयार “क्लाइमेट हैजार्ड मैपिंग फॉर झारखंड” रिपोर्ट का भी विमोचन किया गया।
तकनीकी सत्रों में सरकारी योजनाओं को कार्बन मार्केट से जोड़ने, मिश्रित एवं परोपकारी वित्त की संभावनाओं तथा कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) और प्रभाव निवेश के माध्यम से जलवायु अनुकूल परियोजनाओं का विस्तार करने पर चर्चा हुई।
कार्यशाला में इस बात पर जोर दिया गया कि कार्बन फाइनेंस का प्रभावी उपयोग ग्रामीण एवं जनजातीय समुदायों की आय बढ़ाने, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और जलवायु परिवर्तन के प्रभावों से निपटने की राज्य की क्षमता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
इस अवसर पर वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के कई वरिष्ठ पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।


