* 3 नवंबर को सारण समाहरणालय सभागार में सांसद राजीव प्रताप रूडी की अध्यक्षता में दिशा की बैठक।
* बाढ़ के बाद राहत, पुनर्वास, पुनर्निर्माण एवं क्षतिग्रस्त आधारभूत संरचनाओं की बहाली सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में।
* शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, सिंचाई, सड़क, रेलवे, विद्युत, शहरी विकास एवं केंद्र प्रायोजित योजनाओं सहित 103 विषयों पर विभागवार समीक्षा।
* महाराजगंज सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, विधायक, विधान पार्षद एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी होंगे शामिल।
पटना । सारण के समग्र विकास, जनसमस्याओं के समाधान तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी की अध्यक्षता में मंगलवार, 3 नवंबर को सारण समाहरणालय सभागार में दिशा की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होगी। बैठक में जिले के विकास कार्यों, विभिन्न सरकारी योजनाओं की प्रगति तथा प्रशासनिक स्तर पर लंबित विषयों की व्यापक समीक्षा की जाएगी। विशेष रूप से हाल में आई बाढ़ के बाद प्रभावित क्षेत्रों में राहत, पुनर्वास, पुनर्निर्माण तथा क्षतिग्रस्त सड़कों, पुलों, तटबंधों एवं अन्य आधारभूत संरचनाओं की बहाली पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। सांसद राजीव प्रताप रूडी की पहल पर आयोजित इस बैठक में विकास योजनाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति का आकलन करते हुए जनहित से जुड़े कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने पर जोर रहेगा। बैठक में महाराजगंज सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, तरैया विधायक जनक सिंह, अमनौर विधायक कृष्ण कुमार मंटू, छपरा विधायक छोटी कुमारी, सोनपुर विधायक विनय कुमार सिंह तथा विधान पार्षद डॉ. सच्चिदानंद राय सहित अन्य जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन तथा केंद्र एवं राज्य सरकार के विभिन्न विभागों के अधिकारी भी अपने विभागीय प्रतिवेदन के साथ उपस्थित रहेंगे।
बैठक के विस्तृत एजेंडे में कुल 103 विषयों को शामिल किया गया है, जिनकी विभागवार समीक्षा होगी। इनमें पूर्व दिशा बैठकों के निर्णयों का अनुपालन, पंचायती राज व्यवस्था, पंचायत सरकार भवन, सामाजिक सुरक्षा एवं पेंशन योजनाएं, राशन वितरण, आंगनबाड़ी, विद्यालयों की आधारभूत सुविधाएं, शिक्षकों की उपलब्धता, छात्रवृत्ति एवं समग्र शिक्षा जैसे विषय प्रमुख हैं। कृषि, सिंचाई एवं जल संसाधन के अंतर्गत कृषि योजनाओं, नहरों, सिंचाई व्यवस्था, कृषि फीडर, पशुपालन, डेयरी एवं मत्स्य योजनाओं के साथ बाढ़ नियंत्रण और जल प्रबंधन से जुड़े कार्यों की समीक्षा की जाएगी। सड़क एवं परिवहन क्षेत्र में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, ग्रामीण सड़कों की मरम्मत, रेलवे अंडरपास में जलजमाव, अमृत भारत स्टेशन योजना, सड़क दुर्घटनाओं एवं ब्लैक स्पॉट जैसे विषयों पर चर्चा होगी। विद्युत विभाग के अंतर्गत विद्युत आपूर्ति, पावर सब स्टेशन, कटसा एवं रसूलपुर ग्रिड, ट्रांसफॉर्मर और पीएम-कुसुम योजना की स्थिति की समीक्षा होगी। शहरी विकास के तहत छपरा नगर निगम सहित विभिन्न नगर निकायों में जल निकासी, खनुआ नाला, सीवेज व्यवस्था, अमृत योजना, स्मार्ट सिटी एवं नमामि गंगे से संबंधित परियोजनाओं पर चर्चा की जाएगी। इसके अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्रों एवं अस्पतालों की सुविधाएं, आयुष्मान भारत, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, भूमि अभिलेख, अतिक्रमण, भूमि अधिग्रहण एवं मुआवजा भुगतान तथा विभिन्न केंद्र प्रायोजित योजनाओं की वित्तीय एवं भौतिक प्रगति भी समीक्षा के प्रमुख विषय होंगे।
सांसद रूडी की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक का मुख्य उद्देश्य विभागीय समन्वय को मजबूत करना, विकास कार्यों में आने वाली बाधाओं को दूर करना तथा जनप्रतिनिधियों के सुझावों के माध्यम से योजनाओं को अधिक प्रभावी बनाना है। बैठक में अधिकारियों को जनहित से जुड़े कार्यों की प्राथमिकता निर्धारित कर उनके समयबद्ध निष्पादन तथा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पुनर्निर्माण एवं राहत कार्यों को गति देने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।


