राज्योत्सव के समापन समारोह में 36 विभूतियों और संस्थाओं को राज्य अलंकरण से नवाजा

Lok Bimb
9 Min Read

– केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रदान किए सम्मान, साहित्य, कला, संस्कृति, पत्रकारिता, खेल, कृषि, शिक्षा, समाजसेवा और जनजातीय उत्थान सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान के लिए मिला सम्मान

नवा रायपुर । छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित राज्योत्सव-2026 के समापन समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों और संस्थाओं को प्रतिष्ठित राज्य अलंकरण पुरस्कारों से सम्मानित किया। नवा रायपुर में आयोजित समारोह में साहित्य, कला, संस्कृति, पत्रकारिता, खेल, कृषि, समाजसेवा, जनजातीय उत्थान, महिला सशक्तिकरण, सहकारिता, श्रम, शिक्षा और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं को सम्मान प्रदान किया गया।
राज्य अलंकरण समारोह में प्रदेश की लोककला, संस्कृति, साहित्य, सामाजिक समरसता, जनजातीय परंपराओं और जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं को सम्मानित किया गया। पुरस्कारों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की प्रतिभाओं और समाज के लिए समर्पित संस्थाओं के कार्यों को प्रतिष्ठित पहचान दी गई।
सामाजिक चेतना और जनजातीय उत्थान के लिए सम्मान
शहीद वीरनारायण सिंह स्मृति सम्मान धमतरी जिले के डुमन लाल ध्रुव को आदिवासी सामाजिक चेतना और जनजातीय उत्थान के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया। यति यतनलाल सम्मान दुर्ग जिले के कुम्हारी स्थित विश्व गीता धेनू गोविन्द पक्षी सेवा धाम को अहिंसा एवं गो रक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए दिया गया।
गुरु घासीदास सामाजिक चेतना एवं अनुसूचित जाति उत्थान सम्मान कबीरधाम जिले के सुखचंद भास्कर को सामाजिक चेतना और दलित उत्थान के क्षेत्र में योगदान के लिए प्रदान किया गया। डॉ. भंवरसिंह पोर्ते आदिवासी सेवा पुरस्कार नवा रायपुर स्थित श्री सत्य साईं संजीवनी अस्पताल को आदिवासियों की सेवा और आर्थिक उत्थान के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए दिया गया। इस सम्मान को अस्पताल की ओर से सी. श्रीनिवास यंगम ने प्राप्त किया।
महाराजा अग्रसेन सम्मान रायगढ़ जिले के बाबूलाल अग्रवाल को सामाजिक समरसता के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए प्रदान किया गया। संत रविदास सम्मान बालोद जिले के जगदीश प्रसाद देशमुख को सामाजिक समरसता, साहित्य और काव्य के क्षेत्र में योगदान के लिए दिया गया।
महिला उत्थान और जनजागृति के लिए सम्मान
मिनीमाता सम्मान गरियाबंद के लोक आस्था सेवा संस्थान को महिला उत्थान एवं जनजागृति के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया। संस्था की ओर से लता नेताम ने सम्मान ग्रहण किया। माता बहादुर कलारिन सम्मान कांकेर जिले की बुलबुल बैदया को महिलाओं के उत्पीडऩ के खिलाफ संघर्ष और नारी उत्थान के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए दिया गया।
साहित्य और भाषा के क्षेत्र में प्रतिभाओं का सम्मान
पंडित सुन्दरलाल शर्मा सम्मान रायगढ़ जिले के डॉ. बिहारीलाल साहू को हिन्दी साहित्य में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रदान किया गया। लाला जगदलपुरी साहित्य पुरस्कार दुर्ग जिले के दुर्गा प्रसाद पारकार को आंचलिक साहित्य और लोक कविता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया गया।
राजेश्री महंत वैष्णवदास जी महाराज संस्कृत भाषा पुरस्कार रायपुर जिले के डॉ. बहुरन सिंह पटेल को संस्कृत भाषा के क्षेत्र में योगदान के लिए प्रदान किया गया। पंडित माधव राव सप्रे राष्ट्रीय रचनात्मकता सम्मान गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ पत्रकार एवं लेखक अनंत विजय को रचनात्मक लेखन और हिन्दी भाषा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया गया।
लोककला, संगीत और रंगमंच के क्षेत्र में सम्मान
हबीब तनवीर सम्मान रायपुर जिले के डॉ. पुरुषोत्तम चन्द्राकर को समकालीन रंगकर्म तथा छत्तीसगढ़ी, हिन्दी और अन्य भाषाओं के नाटकों में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया। चक्रधर सम्मान डॉ. एम. श्रीराम मूर्ति को शास्त्रीय संगीत एवं नृत्य के क्षेत्र में योगदान के लिए दिया गया।
दाऊ मंदराजी सम्मान रायपुर जिले की रेखा जलक्षत्री को लोकनाट्य और लोकशिल्प के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रदान किया गया। लक्ष्मण मस्तुरिया सम्मान दुर्ग जिले की साधना यादव को छत्तीसगढ़ी लोकगीत के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए दिया गया।
देवदास बंजारे स्मृति पंथी नृत्य पुरस्कार रायपुर जिले के आरंग निवासी सी.एल. रात्रे को पंथी नृत्य के क्षेत्र में योगदान के लिए प्रदान किया गया। खुमान साव सम्मान रायपुर जिले के चंद्रभूषण वर्मा को छत्तीसगढ़ी लोकसंगीत के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए दिया गया। डॉ. तीजऩ बाई सम्मान दुर्ग जिले के पाहंदा निवासी चेतन लाल देवांगन को पंडवानी कला के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया।
पत्रकारिता और सिनेमा के क्षेत्र में सम्मान
चन्दूलाल चन्द्राकर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार हिन्दी मुद्रित मीडिया के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए रायपुर जिले के प्रमोद कुमार साहू को प्रदान किया गया। हिन्दी इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए यह पुरस्कार बरुण सखाजी और रसिका पांडेय को संयुक्त रूप से दिया गया।
मधुकर खेर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार अंग्रेजी मुद्रित मीडिया के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए रायपुर जिले के शिशिर रॉय चौधरी को प्रदान किया गया।
किशोर साहू सम्मान हिन्दी एवं छत्तीसगढ़ी सिनेमा में रचनात्मक लेखन, निर्देशन, अभिनय, पटकथा और निर्माण के क्षेत्र में योगदान के लिए रायपुर जिले के सैयद ताहिर अली (करन खान) को दिया गया। किशोर साहू राष्ट्रीय अलंकरण हिन्दी एवं छत्तीसगढ़ी सिनेमा में निर्देशन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए रायपुर जिले के मोहन सुंदरानी को प्रदान किया गया।
खेल, कृषि और सहकारिता के क्षेत्र में सम्मान
गुण्डाधूर सम्मान खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए कोरबा जिले की संजू देवी को प्रदान किया गया। महाराजा प्रवीरचंद भंजदेव सम्मान बालोद जिले के टोमन कुमार को खेल, विशेष रूप से तीरंदाजी के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रदर्शन के लिए दिया गया।
डॉ. खूबचंद बघेल कृषक रत्न पुरस्कार कबीरधाम जिले के पुन्नीदास भट्ट को कृषि के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रदान किया गया। ठाकुर प्यारेलाल सिंह पुरस्कार बस्तर जिले की प्राथमिक कुडुक मछुवा सहकारी समिति मर्यादित, चित्रकोट को सहकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए दिया गया। समिति की ओर से धनसिंह बघेल ने सम्मान ग्रहण किया।
श्रीमती बिलासादेवी केंवट मत्स्य विकास पुरस्कार बालोद जिले के प्रदीप कुमार सोनी को मछली पालन के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रदान किया गया। चेंदरू राज्य ग्रामीण पर्यटन पुरस्कार कबीरधाम जिले के सत्येन्द्र कुमार उपाध्याय ‘सन्नी’ को ग्रामीण पर्यटन के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए दिया गया।
चिकित्सा, श्रम और विधि के क्षेत्र में भी सम्मान
धन्वन्तरि सम्मान धमतरी जिले के डॉ. दिनेश कुमार नाग को आयुर्वेद चिकित्सा शिक्षा, शोध और अनुसंधान के क्षेत्र में योगदान के लिए प्रदान किया गया। स्व. रामानुज प्रताप सिंहदेव स्मृति श्रम यशस्वी पुरस्कार बलौदाबाजार जिले के अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड, यूनिट कुकुरडीह, सीमेंट वर्क्स, सरकीपार को श्रम के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया गया।
पंडित लखनलाल मिश्र सम्मान रायपुर के उप पुलिस अधीक्षक सुरेश कुमार ध्रुव को अपराध अनुसंधान के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रदान किया गया। बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल सम्मान विधि के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए दिल्ली के मयूर विहार निवासी कौस्तुभ शुक्ला और रायपुर के हेमन्त कुमार मिश्र को संयुक्त रूप से दिया गया।
प्रवासी भारतीय और अन्य विशिष्ट योगदान के लिए सम्मान
छत्तीसगढ़ अप्रवासी भारतीय सम्मान दंतेवाड़ा जिले की दीपाली सरावगी को देश के बाहर सामाजिक कल्याण, साहित्य, मानव संसाधन, निकाय अथवा आर्थिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया।
राज्य अलंकरण समारोह प्रदेश की प्रतिभाओं, सामाजिक संस्थाओं और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तित्वों के सम्मान का महत्वपूर्ण अवसर बना। इन पुरस्कारों ने छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकपरंपराओं, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक विकास में योगदान देने वाली प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के साथ नई पीढ़ी को भी समाज और प्रदेश के विकास में रचनात्मक भूमिका निभाने की प्रेरणा दी।

Share This Article
Leave a Comment