एनआईटी रायपुर में सात उत्कृष्टता केंद्रों का शुभारंभ, अनुसंधान और नवाचार को मिलेगा बढ़ावा

Lok Bimb
6 Min Read

-केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी ने किया उद्घाटन, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, महत्वपूर्ण खनिज, अंतरिक्ष अनुसंधान और एयरोस्पेस सहित सात क्षेत्रों में स्थापित किए गए अत्याधुनिक केंद्र


रायपुर : केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी ने मंगलवार को राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) रायपुर में सात अत्याधुनिक उत्कृष्टता केंद्रों का उद्घाटन किया। कृत्रिम बुद्धिमत्ता, महत्वपूर्ण खनिज, अंतरिक्ष अनुसंधान, एयरोस्पेस तकनीक, ग्रामीण एवं जनजातीय स्वास्थ्य, संगणनात्मक यांत्रिकी तथा नैनो विज्ञान और सतत ऊर्जा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में स्थापित ये केंद्र छत्तीसगढ़ को वैज्ञानिक अनुसंधान, तकनीकी नवाचार और उद्यमिता के नए केंद्र के रूप में विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री रेड्डी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत कृत्रिम बुद्धिमत्ता, आधुनिक तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान स्थापित कर रहा है। अनुसंधान, तकनीकी विकास और नवाचार को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। विकसित भारत के निर्माण में विज्ञान और प्रौद्योगिकी की निर्णायक भूमिका होगी तथा देश की युवा प्रतिभाएं इस परिवर्तन की सबसे बड़ी शक्ति बनेंगी।
उन्होंने कहा कि दुनिया तेजी से तकनीकी परिवर्तन के दौर से गुजर रही है। कृत्रिम बुद्धिमत्ता अब केवल भविष्य की तकनीक नहीं रह गई है, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, कृषि, प्रशासन और अर्थव्यवस्था में व्यापक बदलाव लाने का माध्यम बन चुकी है। ऐसे में युवाओं को नई तकनीकों से जोडऩा, उन्हें विश्वस्तरीय अनुसंधान सुविधाएं उपलब्ध कराना और नवाचार के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करना आवश्यक है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत अब केवल आधुनिक तकनीकों का उपयोग करने वाला देश नहीं, बल्कि नई तकनीकों और अनुसंधान आधारित समाधानों के विकास में अग्रणी भूमिका निभाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। एनआईटी रायपुर में सात उत्कृष्टता केंद्रों की स्थापना इसी राष्ट्रीय संकल्प का हिस्सा है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक संसाधनों, समृद्ध खनिज संपदा और प्रतिभाशाली युवाओं का प्रदेश है। यहां वैज्ञानिक अनुसंधान और अत्याधुनिक तकनीकों के विस्तार की अपार संभावनाएं हैं। केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से प्रदेश को आधुनिक तकनीक, अनुसंधान और नवाचार के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।
रेड्डी ने महत्वपूर्ण खनिजों के क्षेत्र में अनुसंधान की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि आधुनिक उद्योगों, स्वच्छ ऊर्जा, विद्युत वाहन और उन्नत प्रौद्योगिकियों के विकास में इन खनिजों की भूमिका लगातार बढ़ रही है। इस क्षेत्र में अनुसंधान, नई तकनीकों के विकास और संसाधनों के वैज्ञानिक उपयोग से देश की तकनीकी एवं आर्थिक आत्मनिर्भरता मजबूत होगी।
उन्होंने कहा कि एनआईटी रायपुर में स्थापित ये केंद्र केवल अनुसंधान प्रयोगशालाएं नहीं, बल्कि भविष्य की संभावनाओं को साकार करने वाले नवाचार केंद्र बनेंगे। इनके माध्यम से विद्यार्थियों, शोधार्थियों, वैज्ञानिकों और उद्योग जगत को साझा मंच मिलेगा। उच्च शिक्षण संस्थानों और उद्योगों के बीच सहयोग बढऩे से अनुसंधान आधारित तकनीकों के विकास, व्यावहारिक समस्याओं के समाधान और नए नवउद्यमों की स्थापना को प्रोत्साहन मिलेगा।
केंद्रीय मंत्री ने ग्रामीण एवं जनजातीय स्वास्थ्य के क्षेत्र में नवाचार को छत्तीसगढ़ जैसे प्रदेश के लिए विशेष रूप से महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक और अनुसंधान आधारित समाधान दूरस्थ अंचलों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने में सहायक हो सकते हैं। इसी तरह अंतरिक्ष विज्ञान, एयरोस्पेस, नैनो विज्ञान और सतत ऊर्जा के क्षेत्रों में अनुसंधान से प्रदेश के युवाओं को भविष्य की तकनीकों में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के नए अवसर मिलेंगे।
रेड्डी ने विश्वास व्यक्त किया कि ये सातों उत्कृष्टता केंद्र आने वाले वर्षों में छत्तीसगढ़ के तकनीकी और औद्योगिक विकास को नई गति देंगे। यहां विकसित होने वाली तकनीकें और अनुसंधान आधारित समाधान प्रदेश के साथ देश के विकास में भी योगदान देंगे। उन्होंने विद्यार्थियों और युवा शोधार्थियों से वैज्ञानिक सोच, नवाचार और उद्यमिता को अपनाकर विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
इन सात क्षेत्रों में स्थापित हुए उत्कृष्टता केंद्र
एनआईटी रायपुर में जिन सात उत्कृष्टता केंद्रों का उद्घाटन किया गया, उनमें शामिल हैं—
1. इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के सहयोग से कृत्रिम बुद्धिमत्ता का उत्कृष्टता केंद्र।
2. महत्वपूर्ण खनिजों का उत्कृष्टता केंद्र।
3. अंतरिक्ष एवं अंतरग्रहीय अन्वेषण केंद्र।
4. एयरोस्पेस एवं स्वायत्त तकनीकों का उत्कृष्टता केंद्र।
5. ग्रामीण एवं जनजातीय स्वास्थ्य में नवाचार के लिए मैराल केंद्र।
6. संगणनात्मक यांत्रिकी का उत्कृष्टता केंद्र।
7. नैनो विज्ञान एवं सतत ऊर्जा तकनीक केंद्र।

इन केंद्रों की स्थापना से प्रदेश में तकनीकी शिक्षा, वैज्ञानिक अनुसंधान और उद्योग आधारित नवाचार को नया विस्तार मिलने की उम्मीद है। इनके माध्यम से अत्याधुनिक तकनीकों पर शोध, कौशल विकास, उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप समाधान तथा नवउद्यम और उद्यमिता की संभावनाओं को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही प्रदेश के युवाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की अनुसंधान गतिविधियों से जुडऩे के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।
इस अवसर पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, वैज्ञानिक एवं औद्योगिक अनुसंधान परिषद की महानिदेशक डॉ. नल्लाथंबी कलाइसेल्वी, अध्यक्ष डॉ. सुरेश हावरे, एनआईटी रायपुर के निदेशक डॉ. एन. वी. रमन्ना राव सहित विभिन्न संस्थानों के अधिकारी-कर्मचारी, नवउद्यम संस्थाओं के प्रतिनिधि, शोधार्थी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a Comment