फातेह आलम तालझारी
तीनपहाड़ : तीनपहाड़ स्थित सब्जी मंडी में सोमवार की अहले सुबह अचानक लगी भीषण आग ने भारी तबाही मचाई। इस हृदयविदारक घटना में एक दर्जन से अधिक दुकानें जलकर राख हो गईं, जिससे दुकानदारों को लाखों की संपत्ति का नुकसान हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही राजमहल विधायक माननीय मोहम्मद ताजुद्दीन उर्फ एमटी राजा सोमवार देर शाम मौके पर पहुँचे और स्थिति का जायजा लिया।
पीड़ित दुकानदारों से मिले विधायक, बंधाया ढांढस
विधायक एमटी राजा ने अग्निपीड़ित दुकानदारों से मुलाकात कर उनका हाल जाना और घटना की विस्तृत जानकारी ली। अपनी मेहनत की कमाई को खाक होते देख भावुक दुकानदारों को विधायक ने ढांढस बंधाया और आश्वासन दिया कि इस दुःख की घड़ी में वह उनके साथ खड़े हैं। विधायक ने एसडीओ को दिए कड़े निर्देश निरीक्षण के दौरान ही विधायक ने घटनास्थल से राजमहल एसडीओ को फोन कर निर्देशित किया कि अग्निपीड़ितों को सरकारी प्रावधानों के तहत अविलंब सहायता राशि व अन्य जरूरी राहत उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रशासन ऐसी व्यवस्था करे जिससे इन गरीब दुकानदारों का जीवन पुनः सुचारू रूप से पटरी पर लौट सके। “यह घटना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। हमारी प्राथमिकता इन दुकानदारों को फिर से खड़ा करना है। प्रशासन को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दे दिए गए हैं।” विधायक एमटी राजा मंगलवार को होगी आधिकारिक जांच – विधायक के हस्तक्षेप के बाद राजमहल एसडीओ ने आश्वस्त किया है कि वह स्वयं मंगलवार को तीनपहाड़ पहुँचकर अग्निकांड के कारणों और हुए नुकसान की जांच करेंगे, ताकि मुआवजा प्रक्रिया को जल्द पूरा किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान विधायक के साथ मुख्य रूप से विधायक प्रतिनिधि मो. मारूफ उर्फ गुड्डू,मुर्शिद राजा,मो. नाजिम,आफताब आलम,मो. वकार तथा बड़ी संख्या में अग्निपीड़ित दुकानदार और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे।


