एनआईटी रायपुर के 17वें दीक्षांत समारोह में 1,364 विद्यार्थियों को मिली उपाधियां

Lok Bimb
10 Min Read

-केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी ने सात उत्कृष्टता केंद्रों का किया शुभारंभ, 51 पदकों से मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान; संस्थान को मिले 821 रोजगार प्रस्ताव

रायपुर । राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) रायपुर का 17वां दीक्षांत समारोह मंगलवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय सभागार में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर संस्थान के विभिन्न पाठ्यक्रमों के कुल 1,364 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की गईं। उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को 51 पदकों से सम्मानित किया गया। समारोह के साथ ही संस्थान में विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार के क्षेत्र में सात अत्याधुनिक उत्कृष्टता केंद्रों का भी शुभारंभ किया गया।
समारोह में रायपुर के सांसद बृजमोहन अग्रवाल तथा वैज्ञानिक एवं औद्योगिक अनुसंधान परिषद (सीएसआईआर) की महानिदेशक और वैज्ञानिक एवं औद्योगिक अनुसंधान विभाग की सचिव डॉ. एन. कलैसेल्वी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता एनआईटी रायपुर के शासी मंडल के अध्यक्ष डॉ. सुरेश हावरे ने की। इस अवसर पर संस्थान के निदेशक प्रो. एन. वी. रमण राव, शासी मंडल एवं सीनेट के सदस्य, प्राध्यापक, अधिकारी, विद्यार्थी और उनके अभिभावक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी ने विद्यार्थियों से विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी को यह संकल्प लेना चाहिए कि विकसित भारत के निर्माण में उसका भी महत्वपूर्ण योगदान होगा। देश आज ऊर्जा, आपूर्ति श्रृंखला, स्वास्थ्य, रोजगार सृजन और कृषि विकास सहित अनेक क्षेत्रों में नई चुनौतियों का सामना कर रहा है। युवाओं को इन चुनौतियों को बाधा के बजाय अवसर के रूप में स्वीकार करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि देश को खाद्यान्न आपूर्ति श्रृंखला सहित विभिन्न क्षेत्रों में आत्मनिर्भर बनाने के लिए नए समाधान और तकनीक विकसित करना समय की आवश्यकता है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान और रटने तक सीमित रखने के बजाय कौशल आधारित, व्यावहारिक और रोजगारोन्मुखी शिक्षा उपलब्ध कराना है। केंद्र सरकार राज्य सरकारों और विश्वविद्यालयों के साथ मिलकर इस दिशा में लगातार कार्य कर रही है।
श्री रेड्डी ने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता और उन्नत विनिर्माण तकनीक भविष्य की अर्थव्यवस्था तथा रोजगार के प्रमुख आधार बनेंगे। भारतीय युवाओं में प्रतिभा और क्षमता की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता है कि वे आधुनिक तकनीक, अनुसंधान और नवाचार के माध्यम से देश की प्रगति में योगदान दें। सिलिकॉन वैली में भारतीय तकनीकी विशेषज्ञों की उल्लेखनीय भागीदारी का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि वहां लगभग एक-तिहाई तकनीकी पेशेवर भारतीय हैं। यह भारतीय प्रतिभा और शिक्षा व्यवस्था की क्षमता को दर्शाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी प्रतिभा का उपयोग राष्ट्र निर्माण और समाज की बेहतरी के लिए करने की अपील की।
केंद्रीय मंत्री ने एनआईटी रायपुर में सात अत्याधुनिक उत्कृष्टता केंद्रों का उद्घाटन किया। इनमें इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के अंतर्गत इंडिया एआई छत्तीसगढ़ कृत्रिम बुद्धिमत्ता उत्कृष्टता केंद्र, महत्वपूर्ण खनिज उत्कृष्टता केंद्र, संगणकीय यांत्रिकी उत्कृष्टता केंद्र, अंतरिक्ष एवं अंतरग्रहीय अन्वेषण केंद्र (कोसाइन), ग्रामीण एवं जनजातीय स्वास्थ्य नवाचार केंद्र, एयरोस्पेस एवं स्वायत्त प्रौद्योगिकी उत्कृष्टता केंद्र तथा नैनोविज्ञान एवं सतत ऊर्जा प्रौद्योगिकी केंद्र शामिल हैं।
इन केंद्रों के माध्यम से विभिन्न वैज्ञानिक और तकनीकी क्षेत्रों में बहुविषयक अनुसंधान को प्रोत्साहन मिलेगा। साथ ही शोधकर्ताओं, विद्यार्थियों और उद्योग जगत के बीच सहयोग के नए अवसर विकसित होंगे। विशेष रूप से कृत्रिम बुद्धिमत्ता, अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी, महत्वपूर्ण खनिज, नैनोविज्ञान, स्वच्छ ऊर्जा तथा ग्रामीण एवं जनजातीय स्वास्थ्य के क्षेत्रों में नवाचार को गति मिलेगी। ये केंद्र देश की वैज्ञानिक और तकनीकी जरूरतों के अनुरूप अनुसंधान क्षमताओं के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
दीक्षांत समारोह में कुल 1,364 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की गईं। इनमें स्नातक पाठ्यक्रमों के 976, स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के 283 और पीएचडी के 105 विद्यार्थी शामिल हैं। विभिन्न शाखाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को कुल 51 पदकों से सम्मानित किया गया। इनमें 25 स्वर्ण पदक, 25 रजत पदक और एक संस्थान स्वर्ण पदक शामिल है। बीटेक कंप्यूटर विज्ञान एवं अभियांत्रिकी की छात्रा आत्मिका गांगेली को उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धि के लिए समग्र रूप से सर्वोच्च स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी का सम्मान दिया गया।
समारोह की अध्यक्षता करते हुए एनआईटी रायपुर के शासी मंडल के अध्यक्ष डॉ. सुरेश हावरे ने कहा कि दीक्षांत समारोह केवल उपाधि प्राप्त करने का अवसर नहीं, बल्कि जीवन की एक नई यात्रा की शुरुआत है। आज उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थी केवल डिग्रीधारक नहीं, बल्कि देश के भावी अभियंता, उद्यमी, वैज्ञानिक और नेतृत्वकर्ता हैं। देश के विकास और भविष्य को नई दिशा देने की जिम्मेदारी युवा पीढ़ी के कंधों पर है।
उन्होंने केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी की जीवन यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि किसान परिवार से निकलकर सार्वजनिक जीवन में निरंतर सफलता प्राप्त करना युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। डॉ. हावरे ने कहा कि वर्तमान समय कृत्रिम बुद्धिमत्ता, डिजिटल तकनीक और स्वचालन का युग है, लेकिन आधुनिक तकनीक के साथ मूलभूत वैज्ञानिक एवं तकनीकी सिद्धांतों की समझ भी आवश्यक है। विद्यार्थियों को नई तकनीक अपनाने के साथ अपने मूल विषयों के ज्ञान को भी मजबूत करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढऩे तथा अपने कार्यों से संस्थान और देश का गौरव बढ़ाने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि अनुसंधान और नवाचार मानव समाज तथा राष्ट्र के समग्र विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। एनआईटी रायपुर में स्थापित सात उत्कृष्टता केंद्रों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि देश आज भी कई महत्वपूर्ण खनिजों के लिए आयात पर निर्भर है। ऐसे में अनुसंधान संस्थानों की जिम्मेदारी है कि वे देश में इन खनिजों की खोज, पहचान और उपयोग के लिए नवीन तकनीक विकसित करने की दिशा में कार्य करें।
श्री अग्रवाल ने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता तेजी से बदलती दुनिया की महत्वपूर्ण तकनीक बन चुकी है। विद्यार्थियों को इसका ज्ञान प्राप्त कर राष्ट्रहित में उपयोग करना चाहिए, ताकि वैश्विक प्रतिस्पर्धा में भारत अपनी स्थिति और मजबूत कर सके।
विशिष्ट अतिथि डॉ. एन. कलैसेल्वी ने एनआईटी रायपुर में अभियांत्रिकी और तकनीक के विभिन्न विषयों में दी जा रही उच्च शिक्षा की सराहना की। उन्होंने विशेष रूप से धातुकर्म और कोयला क्षेत्र में अनुसंधान की संभावनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि कोयला एक मूल्यवान प्राकृतिक संसाधन है और भारत में इसका विशाल भंडार उपलब्ध है, लेकिन इसके वास्तविक आर्थिक और तकनीकी मूल्य का पूरा उपयोग किया जाना अभी शेष है। आधुनिक अनुसंधान और नवाचार के माध्यम से कोयले की मूल्य श्रृंखला को और अधिक उपयोगी तथा मूल्यवान बनाया जा सकता है।
डॉ. कलैसेल्वी ने धातुकर्म के क्षेत्र में उत्कृष्टता केंद्र की स्थापना की सराहना करते हुए आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य के अनुरूप कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन मुक्त तकनीकों के विकास पर जोर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि जीवन में आगे बढऩे के साथ उन्हें यह समझ आएगा कि उनके शिक्षकों और शिक्षण संस्थान ने उनके भविष्य को सही दिशा देने में कितनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
संस्थान के निदेशक प्रो. एन. वी. रमण राव ने स्वागत उद्बोधन के साथ वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार, अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग और रोजगार के क्षेत्र में संस्थान की उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एनआईटी रायपुर के अंतरिक्ष एवं अंतरग्रहीय अन्वेषण केंद्र (कोसाइन) को औपचारिक स्वीकृति प्राप्त हुई है। संस्थान ने टाइम्स हायर एजुकेशन विश्व विश्वविद्यालय रैंकिंग-2027 में 1201 से 1400 के समूह में स्थान हासिल किया है।
उन्होंने बताया कि संस्थान के एनआईटीआरआरएफआईई को भारत इनक्यूबेटर पुरस्कार-2025 से सम्मानित किया गया है। वर्ष 2026 के विद्यार्थियों के लिए कुल 821 रोजगार प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जबकि सर्वोच्च वार्षिक वेतन पैकेज 60 लाख रुपये रहा। संस्थान के 18 संकाय सदस्यों और चार विद्यार्थियों को स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय की विश्व के शीर्ष दो प्रतिशत वैज्ञानिकों की सूची में स्थान मिला है।
प्रो. रमण राव ने विद्यार्थियों से जीवनभर सीखते रहने, नई तकनीकों के अनुरूप स्वयं को अद्यतन रखने और अपने शिक्षण संस्थान से निरंतर जुड़े रहने का आह्वान किया।
दीक्षांत समारोह के दौरान विभिन्न संकायों के मेधावी विद्यार्थियों को पदक प्रदान किए गए तथा स्नातक, स्नातकोत्तर और पीएचडी के विद्यार्थियों को उपाधियां सौंपी गईं। समारोह के अंत में अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
एनआईटी रायपुर का यह 17वां दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों के लिए उपलब्धियों और नए संकल्पों का अवसर बना। वहीं, सात उत्कृष्टता केंद्रों की शुरुआत से संस्थान में विज्ञान, अनुसंधान और तकनीकी नवाचार के क्षेत्र में नई संभावनाओं के द्वार खुले हैं।

Share This Article
Leave a Comment